अनाधिकृत रूट से 200 टन कोयला परिवहन करते पांच टेलर जब्त

अनूपपुर, अवैध उत्खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजुरी पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान कार्रवाई करते हुए करीब 200 टन कोयला लदे पांच टेलर जब्त किए हैं। जांच में सभी वाहन निर्धारित मार्ग के बजाय अनाधिकृत रूट से कोयला परिवहन करते पाए गए। वहीं दो वाहनों की टीपी की समयसीमा समाप्त हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार रात्रि करीब 1.30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम खेडिया क्रेशर के पास पहुंची। इसी दौरान बेलियाछोट की ओर से पांच टेलर आते दिखाई दिए। पुलिस ने वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच की। प्रत्येक वाहन में करीब 40 टन कोयला लोड पाया गया।

जांच में सामने आया कि दस्तावेजों के अनुसार वाहनों को डोला होते हुए बिजुरी साइडिंग जाना था, लेकिन चालक बेलियाछोट से बिजुरी के अनाधिकृत मार्ग से कोयला परिवहन कर रहे थे। टेलर क्रमांक एमपी 18 जेडसी 8029 और सीजी 04 पीसी 1952 की टीपी की समयावधि भी समाप्त पाई गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टेलर क्रमांक एमपी 18 जेडसी 8029 के चालक शेख रमजान, सीजी 04 पीसी 1952 के चालक अमर सिंह गोंड, सीजी 10 सीए 0657 के चालक राजेन्द्र रैदास, सीजी 04 आरबी 5214 के चालक प्रदीप कुमार सिंह तथा सीजी 10 बीआर 9633 के चालक हीरा सिंह के विरुद्ध कार्रवाई की है। सभी पांचों वाहनों को विधिवत जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। पुलिस ने चालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण अधिनियम की धारा 18(1)(5) के तहत इस्तगासा तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के लिए कलेक्टर कार्यालय की खनिज शाखा, अनूपपुर भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।

Next Post

बिना टिकट व अनियमित यात्रा पर रेलवे की कार्रवाई, 274 मामलों में 2.47 लाख का जुर्माना

Mon Sep 7 , 2026
अनूपपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल द्वारा बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे टिकट चेकिंग अभियान के तहत शहडोल स्टेशन एवं शहडोल-अनूपपुर सेक्शन में सघन जांच की गई। अभियान के दौरान पांच ट्रेनों की जांच में बिना टिकट और अनियमित टिकट […]

You May Like