ग्वालियर: डबरा-म्वालियर नेशनल हाईवे-44 पर चांदपुर तिराहे के पास सड़क किनारे एक खेत में करीब 5-6 दिन पुराना सड़ा-गला अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों को खेत की ओर से दुर्गंध आने पर शव दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने डबरा सिटी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
शव की हालत काफी खराब होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। मौके पर एक चप्पल भी मिली है। जिस स्थान पर शव मिला है, वहां मुख्य मार्ग के बाद सर्विस रोड है और सर्विस रोड से कुछ दूरी पर करीब 10 फीट गहरी खाई में शव पड़ा मिला। ऐसे में पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है, वहीं शव की स्थिति और घटनास्थल को देखते हुए अन्य संभावनाओं की भी जांच की जा रही है।
डबरा सिटी पुलिस हाईवे और आसपास लगे पुराने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के थानों से गुमशुदा व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। थाना प्रभारी संजय शर्मा ने बताया कि शव काफी पुराना है, इसलिए फिलहाल पहचान और मौत के कारण को लेकर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता। पुलिस मामले में गहराई से जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं पर सुराग जुटाए जा रहे हैं।
