
ग्वालियर। उदभव सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा संस्थान के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय सांस्कृतिक आयोजन उदभव उत्सव का आयोजन इस वर्ष 24 से 27 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस वर्ष यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय कल्चरल ओलंपियाड के रूप में आयोजित होगा I जिसमें नृत्य, संगीत एवं पेंटिंग की प्रतियोगिताओं के साथ साथ मॉडल यूनाइटेड नेशन्स समिट में देश विदेश के सैकड़ों प्रतिभागी ग्वालियर की धरा पर अपने देश की सांस्कृतिक कला कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
उदभव उत्सव के 21वें वर्ष में उदभव द्वारा विदेश में अपने प्रथम आयोजन के रूप में विश्व समभाव दिवस के उपलक्ष्य में एक भारत एक विश्व कार्यक्रम का आयोजन सद्गुरु दर्शन न्यास एवं जर्मनी में भारत के महावाणिज्य दूतावास के संयुक्त तत्वावधान में 12 सितंबर को म्यूनिख जर्मनी में करने जा रहा है।
उक्त कार्यक्रम के संबंध में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उदभव के अध्यक्ष डॉ केशव पांडेय एवं सचिव दीपक तोमर ने बताया कि सितंबर-अक्टूबर में उदभव दो महत्वपूर्ण आयोजन कर रहा है। उदभव के लिए यह अत्यंत ही गौरव का विषय है कि पहली बार संस्था अपना पहला आयोजन भारत देश के बाहर 12 सितंबर को म्यूनिख जर्मनी में “एक भारत एक विश्व” का आयोजन किया जाएगा जिसमें विभिन्न देशों के दल अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे साथ ही अपने देशों के विविध व्यंजनों का प्रदर्शन भी करेंगे। इस अवसर पर सांस्कृतिक एवं व्यंजनों के आदान-प्रदान के द्वारा वैश्विक शांति का संदेश दिया जाएगा। इस अवसर पर “एक भारत एक विश्व” थीम पर एक क्विज का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन का मुख्य आकर्षण उदभव की टेक्निकल हैड एवं देश की सुप्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना सुश्री वाणी माधव की प्रस्तुति रहेगी। इस दौरान भारत के शास्त्रीय नृत्य का परचम जर्मनी सहित अनेक देशों में फहराने के पावन उद्देश्य के साथ उदभव की टेक्निकल हेड सुप्रसिद्ध ओडिसी नृत्यांगना वहां के स्थानीय कलाकारों को शास्त्रीय नृत्य की बारीकियां और अनेक गुर भी सिखाएंगे। इस आयोजन को प्रमुख रूप से उदभव के यूरोपियन रीजन के निदेशक आदित्य सिंह तोमर एवं अक्षत सिंह तोमर तथा सद्गुरु दर्शन न्यास के जर्मनी में प्रमुख अमित गर्ग के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है।
उदभव का द्वितीय आयोजन अंतर्राष्ट्रीय कल्चरल ओलंपियाड 21वां उदभव उत्सव होगा। जिसका आयोजन ग्वालियर में 24 से 27 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस आयोजन में शास्त्रीय नृत्य,अर्धशास्त्रीय नृत्य एवं लोक नृत्यों की समूह एवं एकल प्रतियोगिताएं इंस्ट्रूमेंटल बैंड की प्रतियोगिताएं तथा पेंटिंग प्रतियोगिताएं विभिन्न वर्गों में आयोजित की जाएंगी। उदभव के 21 वें गौरवशाली वर्ष में पहली बार वृहद मॉडल यूनाइटेड नेशंस समिट एमयूएन भी आयोजित की जा रही है जिसमें वैश्विक मुद्दों पर देश विदेश के स्कूली छात्र चर्चा करेंगे।
मीडिया से चर्चा के दौरान उदभव के उपाध्यक्ष सुरेंद्रपाल सिंह कुशवाह एवं प्रवीण शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि ग्वालियर के विद्यार्थियों एवं कलाकारों के लिए अंतर्राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में अपनी कला एवं बौद्धिक कौशल के प्रदर्शन का यह सुनहरा अवसर है जहां वे भारत के कोने कोने से तथा विभिन्न देशों से पधारे विद्यार्थियों एवं कलाकारों के साथ मंच साझा करेंगे।
