लखनऊ, वाराणसी से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हुई एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (संख्या AI 1253) के समय पर उड़ान भरने के बाद अचानक तकनीकी खराबी सामने आई। उड़ान के दौरान क्रू सदस्यों को विमान के कार्गो हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया, जिससे यात्रियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पायलट ने निकटतम एयरपोर्ट से संपर्क किया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग और सभी 155 यात्री सुरक्षित
पायलट की सूचना मिलते ही चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तत्काल प्रभाव से सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए। एयरपोर्ट प्रवक्ता के अनुसार, विमान को सुबह लगभग 8:55 बजे सुरक्षित उतार लिया गया, जिसमें सवार सभी 155 यात्रियों को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गहन जांच और आगे की प्रक्रिया
विमान के उतरने के तुरंत बाद मौके पर पहुंची सुरक्षा और तकनीकी एजेंसियों ने विमान के चप्पे-चप्पे की गहनता से जांच शुरू कर दी है। हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरी एहतियात बरतते हुए जांच पूरी होने के बाद ही विमान को दिल्ली के लिए दोबारा रवाना किया जाएगा।

