
इंदौर. गणेश चतुर्थी को लेकर खजराना गणेश मंदिर में तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं. 14 सितंबर सुबह 10 बजे ध्वजा पूजन के साथ गणेशोत्सव की शुरुआत होगी. इस बार भगवान गणेश को सवा लाख मोदकों का भोग लगाया जाएगा. 10 दिनों तक शाम की आरती में अलग-अलग प्रकार के 11 हजार लड्डुओं का भोग भी लगेगा.
यह जानकारी मुख्य पुजारी पं. अशोक भट्ट ने नव भारत को दी. उन्होंने बताया कि किसवा लाख मोदक बनाने की तैयारी जल्द शुरू होगी. करीब छह दिन में मोदक तैयार किए जाएंगे. इसके लिए 30 सहयोगियों के साथ हलवाई खेमजीभाई 10 सुपरभट्टियों पर मोदक बनाएंगे. गणेशोत्सव के दौरान मूंग, उड़द, चावल, चवला, चना, ज्वार, बाजरा, गेहूं, सूखे मेवे और पंचमेवा सहित अलग-अलग सामग्री से लड्डू तैयार किए जाएंगे. आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया जाएगा. भगवान गणेश का 10 दिनों तक रोज भव्य श्रृंगार होगा. 6 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के स्वर्ण आभूषणों से भगवान को सजाया जाएगा. आभूषणों को सुरक्षा के बीच मंदिर लाकर भगवान को धारण कराए जाएंगे.
हर दिन अलग-अलग स्वरूप में होगा श्रृंगार
पं. अशोक भट्ट के अनुसार, हर दिन अलग स्वरूप में श्रृंगार किया जाएगा. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए गर्भगृह का मुख्य गेट चौड़ा किया है. मंदिर के सामने सभामंडप को डेढ़ फीट नीचे किया है. जिग जैक रेलिंग बढ़ाई जाएगी. मंदिर समिति के अनुसार, पूरे परिसर में 80 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी. चार थानों का पुलिस बल तैनात रहेगा. मंदिर के 30 नियमित सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाकर गणेशोत्सव में 100 की जाएगी
भक्तों के लिए हरतालिका तीज पर रातभर खुला रहेगा मंदिर
मुख्य पुजारी ने बताया कि गणेशोत्सव से एक दिन पहले 13 सितंबर को हरतालिका तीज पर मंदिर रातभर भक्तों के लिए खुला रहेगा. ध्वजा पूजन 14 सितंबर सुबह 10 बजे होगा. कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंधन समिति अध्यक्ष शिवम वर्मा और निगम कमिश्नर एवं मंदिर प्रशासक क्षितिज सिंघल पूजन करेंगे.
पहले दिन लगेगा सवा लाख लड्डुओं का भोग
पं. भट्ट ने बताया कि हर साल की परंपरा के अनुसार गणेशोत्सव के पहले दिन सवा लाख मोदकों का भोग लगाया जाएगा. यह भोग अरविंद बागड़ी, कैलाश पंच एवं श्री सिद्धि विनायक भक्त मंडल की ओर से समर्पित किया जाएगा. इसके बाद 10 दिनों तक रोज अलग अलग अनाज और सामग्री से बने 11 हजार लड्डुओं का भोग लगेगा.
