विनोबा नगर नाले से आती बदबू और मच्छरों से लोग परेशान

इंदौर. स्वच्छता अभियान के तहत सफाई के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन शहर में कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां गंदगी के ढेर इन दावों की हकीकत बयां कर रहे हैं. ऐसा ही मामला बड़ी ग्वालटोली के विनोबा नगर नाले का सामने आया है. यहां नाले में जमा कचरे से क्षेत्र में फैल रही बदबू, मच्छर-मक्खी से बीमारियां फैलने का अंदेशा है. परेशान रहवासियों द्वारा कई बार शिकायतें करने के बावजूद सफाई नहीं हुई.

शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम द्वारा सफाई अभियान और बैकलाइन सफाई पर जोर दिया जा रहा है, लेकिन वार्ड क्रमांक 42 के विनोबा नगर की गली नंबर-1 में हालात इसके विपरीत नजर आ रहे हैं. घरों के पीछे मौजूद बड़े नाले में कचरे का अंबार लगा है. यह नाला दो वार्डों के बीच होने से समस्या और बढ़ गई है. रहवासियों के अनुसार नाले की सफाई को लेकर कई बार ऑनलाइन शिकायत के साथ झोन स्तर पर भी शिकायत की जा चुकी हैं. क्षेत्रीय पार्षद को भी समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. करीब 15 दिन पहले विधानसभा क्षेत्र-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया के क्षेत्र में पहुंचने पर रहवासियों ने उन्हें भी नाले की स्थिति दिखाई, जिस पर विधायक ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद न सफाई हुई और न कचरा फेंकने वालों पर कार्रवाई. नाले में जमा कचरे से बदबू के साथ मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बना हुआ है. ऐसे में गंभीर बीमारियां क्षेत्र में फैल रही है.

यह बोले वार्डवासी…

निगम और क्षेत्र पार्षद को हमने शिकायत की, कुछ दिन पहले विधायक आए थे, उनको भी स्थिति दिखाई. उन्होंने संबंधितों को इस संबंध में तुरंत आदेश दिए, लेकिन आज तक समस्या बनी हुई है.

– अशोक पांचाल

हमारे वार्ड में सभी लोग स्वच्छता रखना चाहते हैं, लेकिन नल की दूसरी तरफ बने मकान से कचरा फेंका जाता है. कहने जाओ तो लड़ने को आमादा हो जाते हैं, कोई सुनने वाला नहीं, अब किसको कहें.

– गीता बाई 

मुझे यहां रहते एक वर्ष हो गया, लेकिन नाले की सफाई होते नहीं देखी, गंदगी बनी हुई है, जिससे मच्छर बहुत होते हैं. इसके चलते घर में कोई ना कोई बीमार बना रहता है.

Next Post

हादसे को न्योता दे रहे प्लाउडन रोड पर खुली नाली व जानलेवा गड्ढे

Thu Sep 3 , 2026
महू. छावनी क्षेत्र के व्यस्ततम मार्गों में से एक प्लाउडन रोड पर इन दिनों राहगीरों और वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है. यहां हीरा तारा बिल्डिंग के सामने और केनरा बैंक के ठीक आगे बनी खुली नाली किसी बड़े हादसे को खुला आमंत्रण दे रही है. इसके साथ […]

You May Like