
इंदौर. रेडिसन और सत्यसाई चौराहे पर यातायात पुलिस ने बुधवार को नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. मोबाइल पर बात करते पकड़े गए कई चालकों ने कार्रवाई से बचने के लिए बहाने बनाए, लेकिन पुलिस ने किसी को नहीं छोड़ा.
अभियान के दौरान 65 से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. इनमें वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने, रेड लाइट तोड़ने और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वाले शामिल थे. मोबाइल पर बात करते मिले चालकों को पुलिस ने रोककर कार्रवाई की तो कुछ ने अलग अलग कारण बताकर बचने की कोशिश की. कुछ चालक पुलिस के रोकने के बाद भी मोबाइल पर बात करते रहे, लेकिन टीम ने नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विक्रम सिंह रघुवंशी और सहायक पुलिस आयुक्त लाल बहादुर बौद्ध की मौजूदगी में थाना प्रभारी यातायात जोन 2 राधा यादव और पुलिस की टीम व्हील लॉक पार्टी और सपोर्ट टीम भी अभियान में शामिल रही.
पुलिस ने वाहन चालकों को मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करने, रेड लाइट का पालन करने और निर्धारित दिशा व लेन में वाहन चलाने की समझाइश दी. कार्रवाई के अंत में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त यातायात विक्रम सिंह रघुवंशी ने बताया कि चौराहों पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की लगातार निगरानी की जा रही है. मोबाइल पर बात करना चालक के साथ सड़क पर चल रहे दूसरे लोगों के लिए भी खतरा बन सकता है. यातायात व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
