मानसून की बेरुखी से किसान चिंतित, पिछले साल के मुकाबले आधी बारिश, सोयाबीन-मूंगफली पर संकट

नीमच। आसमान में बादल छाने के बावजूद जिले में अब तक उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई है। मानसून की बेरुखी से खेतों में खड़ी सोयाबीन और मूंगफली की फसल प्रभावित होने लगी है। जिले में अब तक करीब 22.5 इंच बारिश दर्ज हुई है, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक करीब 41 इंच बारिश हो चुकी थी। ऐसे में किसान अब आगामी दिनों की बारिश पर उम्मीद लगाए बैठे हैं।

औसत से भी पीछे बारिश का आंकड़ा

नीमच जिले में औसत वार्षिक बारिश करीब 32.5 इंच है। चालू वर्षाकाल में अब तक जिले में करीब 22.5 इंच बारिश हुई है। विकासखंडवार देखें तो नीमच में 23.4 इंच, जावद में 21.2 इंच और मनासा में 19.5 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष की तुलना में बारिश काफी कम होने से इसका असर फसलों पर दिखाई देने लगा है।

बारिश नहीं हुई तो उत्पादन पर असर

भोलियावास के किसान देवीलाल धाकड़ ने बताया कि पर्याप्त पानी नहीं मिलने से सोयाबीन और मूंगफली की फसल प्रभावित हो रही है। पानी की कमी के साथ कीट-व्याधि और जंगली सुअरों से भी किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिले में इन दोनों फसलों का रकबा अधिक होने से बारिश की कमी का असर बड़ी संख्या में किसानों पर पड़ सकता है।

किसानों के अनुसार अगले दो दिनों में अच्छी बारिश हो जाती है तो काफी हद तक फसल को बचाया जा सकता है। वहीं करीब एक सप्ताह तक बारिश नहीं हुई तो उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका है। किसानों ने जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी उठाई है।

शहर में भी जलस्रोतों को लेकर चिंता

कम बारिश का असर नीमच शहर की पेयजल व्यवस्था पर भी पड़ सकता है। हालांकि नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल शहर में जलसंकट की स्थिति नहीं बनने दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार ठिकरिया डेम से सालभर में करीब 5 एमसीएम पानी लिया जा सकता है, जिसमें से अब तक करीब 2 एमसीएम पानी लिया जा चुका है। जाजू सागर बांध के पानी से भी फिलहाल शहर की जरूरत पूरी की जा सकती है।

जाजू सागर बांध भी पिछले साल से पीछे

जाजू सागर बांध की कुल क्षमता करीब 21 फीट है और वर्तमान में इसमें करीब 15 फीट पानी है। पिछले दस दिनों में जलस्तर करीब एक फीट बढ़ा है। हालांकि पिछले साल इसी अवधि तक बांध में करीब 19 फीट पानी पहुंच चुका था। ऐसे में इस बार बांध भी पिछले वर्ष की तुलना में पीछे है।

अगले चार दिन बारिश की उम्मीद

बारिश की कमी के बीच मौसम विभाग के पूर्वानुमान से राहत की उम्मीद जगी है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई गई है। 4 सितंबर तक कई संभागों में तेज बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना भी बताई गई है।

यदि नीमच जिले में अच्छी बारिश होती है तो इससे खेतों में खड़ी फसलों के साथ जलस्रोतों को भी राहत मिल सकती है। फिलहाल किसानों की नजर आसमान पर टिकी है और आने वाले कुछ दिन जिले की खेती तथा पेयजल व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

Next Post

तामिया रेंज के ग्राम धूसावानी पहुंचा जंगली हाथी

Wed Sep 2 , 2026
छिंदवाड़ा / परासिया। अमरवाड़ा वन परिक्षेत्र से निकलकर परासिया वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा जंगली हाथी अब तामिया क्षेत्र की ओर पहुंच गया है। बुधवार देर शाम को हाथी को तामिया-जुन्नारदेव मार्ग के बीच ग्राम धूसावानी क्षेत्र में विचरण करते देखा गया। इसके बाद वह जुन्नारदेव की दिशा में […]

You May Like