सिंहस्थ पूर्व बन जाएगा एमआर 12 का रेलवे ब्रिज

इंदौर: शहर में सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर आईडीए द्वारा जीवन रेखा ब्रिज के टेंडर आज जारी किए जाएंगे. आईडीए के एमआर-12 पर तीन लेन रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. आईडीए एमआर-12 ब्रिज को सिंहस्थ के निर्माण कार्य पहले पूरा करने का लक्ष्य लेकर योजना बना चुका है. उक्त ब्रिज बनने के बाद उज्जैन रोड से बायपास सड़क सीधा जुड़ाव हो जाएगा. इतना ही नहीं इससे शहर में यातायात का दबाव भी कम होगा.

आईडीए को एमआर-12 सड़क पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण की डीपीआर मिल गई है. उक्त रेलवे ओवर ब्रिज की डीपीआर में 790 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा ब्रिज निर्माण किया जाएगा. ब्रिज निर्माण की लागत 58 करोड़ रुपए बताई गई है. आईडीए द्वारा उक्त ब्रिज के टेंडर आज ही जारी कर दिए गए है. इसकी वजह यह है कि रेलवे इंजिनियरिंग विभाग से आईडीए को नई एनओसी मिल गई है. आईडीए द्वारा बिना देर किए उक्त ब्रिज के टेंडर आज जारी किए जा रहे हैं. टेंडर प्रक्रिया में एक महीने का समय लगेगा. साथ ही आईडीए 15 अक्टूबर से ब्रिज निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी में जुट गया है. ध्यान रहे कि आईडीए को पश्चिम रेल मंडल द्वारा एमआर 12 पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण का मंजूरी पत्र मिल गया था. इसमें रेलवे स्पान की ड्राइंग और डिजाइन के साथ तकनीकी मंजूरी होती है, जो ब्रिज निर्माण के दौरान निर्माण एजेंसी को विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है.

विभाग हो गए थे आमने-सामने
एमआर 12 सड़क पर केलोद हाला गांव के रेलवे क्रॉसिंग पर ब्रिज निर्माण कार्य में देरी का कारण पीडब्ल्यूडी द्वारा उक्त ब्रिज का ठेका देने की बात पर दोनों विभाग आमने-सामने हो गए थे. बाद में सचिव स्तर पर बैठक कर निर्णय किया गया कि 6 लेन में से एक तीन लेन का हिस्सा आईडीए और दूसरा तीन लेन का हिस्सा पीडब्ल्यूडी बनाएगा. पीडब्ल्यूडी का भी उक्त रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का कार्य चल रहा है. बताया जाता है कि उक्त ब्रिज को आईडीए सिंहस्थ के कारण 2027 मार्च में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा था, लेकिन अब विवाद के बाद आज टेंडर जारी कर रहा है. अब सिंहस्थ 2028 मार्च के पहले ब्रिज निर्माण कार्य पूरा करने की योजना है.

आईडीए सीईओ डॉ परीक्षित झाड़े ने बताया कि रेलवे विभाग से संशोधन होकर आ गया है. रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के टेंडर आज ही जारी कर रहे है. एक महीने में निर्माण एजेंसी तय करके अक्टूबर में काम शुरू करने की योजना है. सिंहस्थ के पहले रेलवे ओवरब्रिज निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है.

सिंहस्थ के दौरान यातायात दबाव होगा कम
एमआर 12 सड़क 250 फीट चौड़ी बन रही है. उक्त सड़क पर फ्लाई ओवर ब्रिज बनने के बाद उज्जैन रोड पर आने और जाने वाले वाहन सीधे बायपास पर पहुंच जाएंगे. इससे सिंहस्थ में यातायात व्यवस्था को सुगमता मिलेगी.आईडीए द्वारा 3 लेन ब्रिज बनाया जाएगा. उक्त ब्रिज सिंहस्थ से पहले पूरा करने का लक्ष्य लेकर टेंडर जारी किए जा रहे है. इसके बाद भौंरासला चौराहे से सीधे बायपास और बायपास से सीधे उज्जैन रोड पर आने के लिए एमआर 12 रेलव ओवर ब्रिज यातायात के लिए जीवन रेखा साबित होगा. भविष्य में शहर का यातायात दबाव कम हो जाएगा

Next Post

राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ

Tue Sep 1 , 2026
आष्टा। सुभाष मैदान पर उज्जीवन स्मॉल फायनेंस बैंक के तत्वावधान में राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट उज्जीवन कप का शानदार आगाज हुआ. खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने किया. उद्घाटन मैच कन्नौद और बड़ोदिया की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाडिय़ों ने […]

You May Like