कोकीन की खेप का मुंबई कनेक्शन खंगालेगी इंदौरी पुलिस, नाइजीरियन महिला को 5 दिन की रिमांड

इंदौर:चंदन नगर पुलिस के हाथ लगी 57.18 ग्राम कोकीन की खेप के पीछे छिपे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच अब मुंबई तक पहुंचेगी. कोकीन के साथ गिरफ्तार नाइजीरियन महिला इम्यूनल जाय को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा है. उसके मोबाइल से मिले संदिग्ध नंबर और डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है. पुलिस अब मुंबई में उसके ठिकानों और संपर्कों की पड़ताल कर यह पता लगाएगी कि इंदौर में कोकीन किसे पहुंचाई जानी थी.

इम्यूनल जाय मूल रूप से लेगोस, नाइजीरिया की रहने वाली है और फिलहाल बांद्रा ईस्ट, मुंबई में रह रही थी. गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल की जांच में कई संदिग्ध नंबर और व्हाट्सएप चैट मिली हैं. इनमें से कुछ चैट को डिलीट करने की कोशिश की गई थी. पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उसके संपर्क में रहे लोगों की पहचान कर रही है. रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी महिला को लेकर मुंबई जाएगी.

वहां उसके ठिकानों की तलाशी के साथ उन लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी, जिनके संपर्क में वह रही थी. जांच में उसकी बहन की भूमिका भी सामने आई है, इसलिए पुलिस उससे जुड़े कनेक्शन की भी पड़ताल करेगी. जांच टीम आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड और मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है. पुलिस को शक है कि इंदौर लाई गई कोकीन किसी स्थानीय सप्लायर या खरीदार तक पहुंचाई जानी थी. इसी कड़ी को जोड़ने के लिए पुलिस नेटवर्क के पीछे और आगे के संपर्क खंगाल रही है.

साथ ही आरोपी के पासपोर्ट, वीजा और भारत में उसके ठहरने से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. मामले में एसीपी शिवेंदु जोशी ने नव भारत को बताया कि आरोपी महिला पांच दिन की पुलिस रिमांड पर है. पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर उसके मुंबई कनेक्शन तथा ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कोकीन की खेप कहां से आई थी और इंदौर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी.

Next Post

जिझोतिया ब्राह्मण समाज ने किया पौधरोपण, देख-रेख का लिया संकल्प

Mon Aug 31 , 2026
​ग्वालियर: “वृक्ष ही जीवन का आधार हैं और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण अत्यंत आवश्यक है।” इसी संदेश को चरितार्थ करते हुए जिझोतिया ब्राह्मण समाज, ग्वालियर द्वारा टेकनपुर बाईपास स्थित अरजरिया कृषि फार्म पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे रोपे गए। […]

You May Like