हल्द्वानी, उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की शिकायत पर कोतवाली में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि राहुल गांधी द्वारा दिए गए बयानों में अनुसूचित जाति के खिलाफ कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
शुद्धिकरण मामले से उपजा नया विवाद
यह पूरा मामला 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की एक रैली के बाद शुरू हुआ था, जिसके बाद कथित तौर पर मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किया गया था। इस घटना के बाद से राजनीतिक गलियारों में भारी बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन का दौर जारी था, जो अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच चुका है।
पुलिस जांच और विवेचना शुरू
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर इसकी जांच क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी को सौंप दी है। इस कानूनी कार्रवाई के बाद उत्तराखंड की राजनीति में सरगर्मी और अधिक तेज हो गई है।

