इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित आरएपीटीसी कैंपस में एक हेड कांस्टेबल पर पत्नी और बेटी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला थाने में पत्नी द्वारा पहले दर्ज कराई गई शिकायत से नाराज पुलिसकर्मी घर में विवाद करने लगा और गैंती उठाकर पत्नी पर हमला करने दौड़ा. मां को बचाने पहुंची बेटी को भी उसने थप्पड़ों से पीटा और पत्नी का गला दबाने की कोशिश की. पीड़िता की शिकायत पर एरोड्रम थाना पुलिस ने हेड कांस्टेबल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
वंदना गौड़ आरएपीटीसी परिसर स्थित क्वार्टर में परिवार के साथ रहती हैं. उनके पति सुशील गौड़ आरएपीटीसी में प्रधान आरक्षक हैं. वंदना ने पुलिस को बताया कि पति की प्रताड़ना से परेशान होकर उन्होंने पहले महिला थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. इसी बात को लेकर सुशील नाराज था और आए दिन घर में विवाद कर उन्हें धमकाता और मारपीट करता था. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 14 अगस्त को इसी पुरानी बात को लेकर सुशील घर में गाली गलौज करने लगा. वंदना ने उसे गाली देने से मना किया तो वह गुस्से में आ गया और पास रखी गैंती उठाकर उन पर हमला करने के लिए दौड़ा. पिता को मां पर हमला करते देख बेटी अदिती गौड़ बीच बचाव करने पहुंची.
आरोप है कि इससे सुशील और भड़क गया और उसने बेटी को थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया. बेटी को बचाने पहुंची वंदना के साथ भी आरोपी ने मारपीट की और उनका गला दबाने की कोशिश की. पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि घटना के बाद आरोपी ने पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकी भी दी. इसके बाद वह किसी तरह थाने पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर हेड कांस्टेबल सुशील गौड़ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
