इंदौर:छावनी क्षेत्र में पिछले 20 दिनों से सड़क विकास के नाम पर खुदाई की गई है. महज कुछ फीट की सड़क का काम खोदकर छोड़ दिया गया है और वर्तमान में काम पूरी तरह ठप है. इससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को भारी परेशानी हो रही है, धूल उड़ रही है और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है. इस तरह की लापरवाही से नगर निगम द्वारा अधिकृत ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.
मामला छावनी क्षेत्र में मधु मिलन चौराहे से जगन्नाथ धर्मशाला तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य का है. मधु मिलन से छावनी चौराहे तक करीब एक किलोमीटर सड़क का तीव्र गति से पूरा करने के बाद छावनी चौराहे से जगन्नाथ धर्मशाला तक महज तीन सौ फीट हिस्से के लिए बीस दिन गुजर चुके हैं, लेकिन अब तक सिर्फ खुदाई ही हुई है. खुदाई के दौरान नर्मदा की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे क्षेत्र में जलापूर्ति प्रभावित हो गई है.
लोग आपत्ति जता रहे हैं. कुछ लोगों ने तो निजी खर्च से लाइन दुरुस्त करवाई. बावजूद इसके पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है. धीमी गति से चल रहे निर्माण ने व्यापारियों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं. जब से सड़क को खोदा गया है, व्यापार में बड़ी गिरावट का सामना करना पड़ रहा है. व्यापारियों का राखी का कारोबार भी प्रभावित हुआ. बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से काम बंद है, ऐसे में सवाल उठ रहा है तीन सौ फीट सड़क के लिए जनता को और कितने महीने तक इंतजार करना पड़ेगा?
यह बोले रहवासी…
बीस दिन में सिर्फ खुदाई का कार्य हुआ है आने-जाने में दुश्वारियां हो रही हंै बच्चे-बुजुर्ग गिरकर चोटिल हो रहे हैं. व्यापार घटकर दस प्रतिशत ही रह गया है. कार्य में तेजी लाना चाहिए.
– राजेंद्र खंडेलवाल
नल की लाइन क्षतिग्रस्त कर गए, औपचारिकता पूरी कर लाइन जोड़ी, लेकिन उसके ऊपर मलबा बिछा दिया. अब नलों में पानी नहीं आ रहा. इस गति से छह महीने तक भी सड़क कार्य पूरा नहीं होगा.
– ओम प्रकाश मंगल
ड्रेनेज, खुदाई और सड़क सभी के ठेकेदार अलग हैं, इनमें समन्वय नहीं बैठ रहा. नगर निगम के पास कोई प्लानिंग नहीं दिख रही. काम बंद पड़ा है, जिससे व्यापार और जनजीवन प्रभावित हो रहा है.
– हर्षित गोयल
