NBCC और NHPC के बीच एमओयू, देश भर में बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के क्रियान्वयन को मिलेगी गति

नई दिल्ली। भारत सरकार के आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन नवरत्न सीपीएसई NBCC (इंडिया) लिमिटेड और विद्युत मंत्रालय के अधीन नवरत्न सीपीएसई NHPC लिमिटेड ने देशभर में NHPC की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।

एमओयू को 28 अगस्त को फरीदाबाद स्थित NHPC के कॉरपोरेट कार्यालय में औपचारिक रूप दिया गया। इसके तहत NBCC, NHPC की विभिन्न परियोजनाओं के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी (PMC) सेवाएं उपलब्ध कराएगा और चयनित परियोजनाओं को डिपॉजिट वर्क के आधार पर पूरा करेगा।

समझौते के दायरे में डिजाइन, इंजीनियरिंग, परियोजना प्रबंधन, खरीद, निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, स्थापना, कमीशनिंग, वैधानिक अनुपालनों के साथ पूर्ण परियोजनाओं को संबंधित संस्था को सौंपना शामिल है।

इस साझेदारी के तहत NHPC के जलविद्युत और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र के अनुभव तथा NBCC की विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की योजना और क्रियान्वयन संबंधी विशेषज्ञता का लाभ उठाया जाएगा। परियोजनाओं में आवासीय ब्लॉक, आवासीय एवं वाणिज्यिक ढांचा, कार्यालय परिसर और अन्य संबद्ध सुविधाएं शामिल होंगी।

दोनों संस्थाओं के अनुसार, सहयोग का उद्देश्य परियोजनाओं का लागत प्रभावी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है। साथ ही देशभर में टिकाऊ और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देना भी इसका लक्ष्य है।

एमओयू पर NHPC के महाप्रबंधक (सिविल) दीपक कुमार और NBCC के मुख्य महाप्रबंधक (इंजीनियरिंग) राजीव कुमार ने दोनों संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए।

Next Post

जमाखोरी के कारण बढ़े थे चीनी के दाम, मिलों की जांच में खुलासा: सरकार

Fri Aug 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 अगस्त (वार्ता) सरकार ने शुक्रवार को दावा किया कि हाल में चीनी की कीमतों में तेज वृद्धि का कारण जमाखोरी थी और जांच के दौरान कई मिलों में घोषित स्टॉक से ज्यादा भंडार पाया गया। सरकार ने कहा है कि उसकी सक्रियता के कारण अब मिलों से […]

You May Like