गोवा टूर में न जाने पर छात्रों के काटे नंबर, अभिभावकों ने किया प्रदर्शन

जबलपुर। न्यू रामनगर, अधारताल स्थित लिटिल किंगडम स्कूल में 10वीं कक्षा के छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन (इंटरनल/प्रैक्टिकल) में कथित भेदभावपूर्ण अंक देने का मामला सामने आने के बाद अभिभावकों का आक्रोश बढ़ गया है। नाराज अभिभावकों ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर और शिक्षा अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। कुछ अभिभावकों ने स्कूल की मान्यता रद्द करने तक की मांग उठाई है।

क्या है पूरा मामला?

अभिभावकों के अनुसार, स्कूल प्रबंधन ने जिन छात्रों ने महंगी गतिविधियों—जैसे गोवा टूर (13,000 रुपए), एमयूएन एक्टिविटी (4,500 रुपए) और एनुअल फंक्शन (850 रुपए)—में हिस्सा नहीं लिया, उन्हें इंटरनल और प्रैक्टिकल में कम अंक दिए। आरोप है कि गोवा ट्रिप में शामिल न होने वाले छात्रों को 20 में से करीब 10 अंक ही दिए गए, जबकि ट्रिप में जाने वाले छात्रों को पूरे 20/20 अंक प्रदान किए गए।

रिजल्ट पर पड़ा असर

अभिभावकों और विद्यार्थियों का आरोप है कि कम इंटरनल अंक मिलने के कारण छात्रों के कुल परिणाम पर बड़ा असर पड़ा है। बताया जा रहा है कि कई छात्रों के कुल अंकों में 70–75 अंकों तक की गिरावट आई, जिससे प्रतिशत में 12–13% तक कमी दर्ज हुई। अभिभावकों का कहना है कि जो छात्र 90% तक अंक ला सकते थे, वे अब 75–77% के बीच सिमट गए हैं।

स्कूल में हंगामा, पुलिस पहुंची

मामले के सामने आने के बाद स्कूल में हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पेरेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिन गुप्ता और सदस्य अमित पलिया मौके पर पहुंचे और अभिभावकों के साथ मिलकर स्कूल प्रबंधन से चर्चा की। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश दी।

टूर की वैधता पर भी उठे सवाल

पेरेंट्स एसोसिएशन ने गोवा टूर को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि इतने कम उम्र के छात्रों को राज्य से बाहर टूर पर ले जाने के लिए क्या आवश्यक प्रशासनिक अनुमति ली गई थी, इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही ऐसे टूर की सुरक्षा और आवश्यकता पर भी सवाल उठाए गए हैं।

बच्चों पर मानसिक असर

अभिभावकों ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का छात्रों पर मानसिक रूप से नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। सालभर मेहनत करने के बावजूद कम अंक मिलने से बच्चे निराश और तनाव में हैं।

Next Post

सिवनी-मालवा में सीएम डॉ यादव ने सड़क उन्नयन का किया भूमिपूजन

Thu Apr 16 , 2026
सिवनी मालवा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सिवनी-मालवा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग उन्नयन कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधारभूत संरचना को […]

You May Like