इंदौर: देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई के खिलाफ आज कांग्रेस ने पूरे शहर में प्रदर्शन किया. इस दौरान शहर के 24 चौराहों पर कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष और विधानसभा प्रभारियों ने एक साथ एक ही समय पर प्रदर्शन किया. प्रदर्शन में कहीं पर जनता को शक्कर खरीदने के लिए लोन दिया गया, तो कहीं पर चाय की दुकान लगाई गई.
शहर कांग्रेस के अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की लापरवाही ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है. महंगाई इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि शक्कर जैसी वस्तु के भाव आसमान पर पहुंच गए हैं.
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि स्थिति हो गई है कि आम व्यक्ति को शक्कर, गैस की टंकी की कीमत और बिजली दरों में भी राज्य सरकार ने वृद्धि कर दी है. पेट्रोल में एथेनॉल मिलने के कारण गाड़ियों की उम्र घटने लगी है और गाड़ियों का मेंटेनेंस बढ़ गया है. उक्त मुद्दों को लेकर आज सुबह शहर में 24 स्थानों पर एक ही समय में कांग्रेस के द्वारा विधानसभा 1 में प्रभारी दीपू यादव के नेतृत्व में बाणगंगा में शक्कर की पूनिया बांटी गई. क्षेत्र 2 में प्रभारी पार्षद राजू भदौरिया के नेतृत्व में मंगल नगर में दोपहिया वाहन को गाड़ी पर रखकर यात्रा निकाली गई. योजना क्रमांक 78 में महंगाई की अर्थी भी निकाली गई.
विधानसभा क्षेत्र 3 में प्रभारी पिंटू जोशी के नेतृत्व में राजवाड़ा पर बैंक की शाखा खोलकर शक्कर के लिए लोन बांटा गया. हरसिद्धि चौराहे पर सड़क पर चूल्हा जलाकर रोटी बनाई गई. छावनी में खुदी हुई सड़क पर धरना दिया गया. क्षेत्र क्रमांक 4 में प्रभारी शैलेश गर्ग के नेतृत्व में महु नाका पर गडकरी चाय की दुकान लगाई गई. गंगवाल बस स्टैंड , मानिक बाग पुलिस चौकी तथा फूटी कोठी चौराहा पर शक्कर का वितरण किया गया.क्षेत्र 5 में प्रभारी अमन बजाज के नेतृत्व में साकेत चौराहे पर महंगाई के विरोध में झांझ मंजीरे बजाकर जुलूस निकाला गया. तिलक नगर, गीता भवन, मुसाखेड़ी टेंपो स्टैंड पर प्रदर्शन किया गया. राउ विधानसभा में सिलिकॉन सिटी और तेजाजी नगर पर महंगाई को लेकर प्रदर्शन किया गया.
