
कटनी। त्योहार के चलते यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से बसों में भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात यह हैं कि 50 सीटर बसों में भी क्षमता से कहीं अधिक यात्री सफर करने को मजबूर नजर आ रहे हैं। बसों के अंदर सीटें पूरी तरह भरने के बाद दरवाजे और सीढ़ियों तक यात्रियों की भीड़ दिखाई दे रही है।
तस्वीर में साफ नजर आ रहा है कि बस में चढ़ने और उतरने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। भीड़ के कारण यात्रियों को धक्कामुक्की के बीच सफर करना पड़ रहा है। ऐसे में बसों की ओवरलोडिंग सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर रही है।
त्योहारी सीजन में बढ़ी यात्री संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन नहीं होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। यात्रियों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि भीड़भाड़ वाले मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने के साथ ही क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की जाए, ताकि सफर सुरक्षित हो सके।
