भोपाल। नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती-2025 में पदवृद्धि और रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के बीच पहुंचे। उनके साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद रहे। दिग्विजय सिंह ने अभ्यर्थियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 5 सितंबर, शिक्षक दिवस तक अभ्यर्थियों की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ, तो वे खुद 24 घंटे की भूख हड़ताल करेंगे। वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि वे नवंबर 2025 से कई चरणों में आंदोलन कर चुके हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पदवृद्धि की मांग को लेकर 21 अगस्त को भी प्रदेशभर के अभ्यर्थियों ने भोपाल में प्रदर्शन किया था। बुधवार को आंदोलन का छठवां दिन है।
