सिंगरोली: जिले के मोरवा में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के पर्व पर बुधवार को मुस्लिम समाज की ओर से धार्मिक रैली निकाली गई। पैगंबर हजरत मोहम्मद के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। रैली के दौरान आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश दिया गया।
रैली जामा मस्जिद से शुरू होकर मेन रोड, कन्या विद्यालय, एलआईजी, गुरुद्वारा और फल मंडी होते हुए बड़ी जामा मस्जिद पहुंची। विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई रैली का जामा मस्जिद में पहुंचने के बाद समापन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे।
जामा मस्जिद के अध्यक्ष जियाउल रहमान उर्फ मन्नू ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि ईद-ए-मिलाद के अवसर पर समाज की ओर से रैली निकाली गई। उन्होंने कहा कि त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया। आयोजन के माध्यम से समाज में शांति और एकता का संदेश देने का प्रयास किया गया।
सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन रहा मुस्तैद
रैली को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रैली के निर्धारित मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती रही। भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए, ताकि रैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
ईद-ए-मिलाद के मौके पर निकली रैली के दौरान पूरे आयोजन में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला। बड़ी जामा मस्जिद पहुंचने के बाद रैली के समापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
