इंदौर: बाणगंगा क्षेत्र में साइबर ठग ने पहले खाते में 40 हजार रुपए जमा होने का फर्जी मैसेज भेजा और कुछ देर बाद गलती से रकम ट्रांसफर होने की बात कहकर उसे वापस मांग लिया. ठग ने पत्नी के अस्पताल में भर्ती होने की बात कहकर पीड़ित को भावनात्मक रूप से भी झांसे में लिया. उसने अलग अलग खातों के बारकोड भेजकर 39,999 रुपए ट्रांसफर करा लिए.
ग्राम भांग्या में रहने वाले मनु यादव ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल पर अज्ञात व्यक्ति की ओर से 40 हजार रुपए खाते में जमा होने का संदेश आया था. इसके बाद फोन करने वाले ने कहा कि रकम गलती से उसके खाते में चली गई है.
आरोपी ने यह भी बताया कि उसकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है और इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है. मैसेज को सही मानकर मनु ने रकम वापस करने की बात कही. इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सऐप पर आठ अलग अलग बैंक खातों के बारकोड भेजे. मनु ने इन पर 39,999 रुपए ऑनलाइन भेज दिए. बाद में उसने अपना बैंक खाता देखा तो 40 हजार रुपए की कोई रकम जमा ही नहीं हुई थी. तब उसे समझ आया कि पहले भेजा संदेश भी फर्जी था. मनु ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की. बाणगंगा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर ठगी का केस दर्ज किया है. पुलिस अब ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर और जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई, उनकी जानकारी जुटाकर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.
