
इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय डीएवीवी में डेटा साइंस से जुड़े विभिन्न पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर अब मेरिट के आधार पर सीधे प्रवेश दिए जाएंगे। कुलगुरु के निर्देश के बाद विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है. इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त 2026 तक दाखिला ले सकेंगे.स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड फोरकास्टिंग के तहत एम.टेक. (एग्जीक्यूटिव) डेटा साइंस एवं वर्किंग एग्जीक्यूटिव, एम.एससी. डेटा साइंस एवं एनालिटिक्स और एम.टेक. बिजनेस डेटा एनालिटिक्स में रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा.
प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा. इसमें जहां लागू होगा, सीयूईटी पीजी मेरिट को पहली प्राथमिकता मिलेगी. इसके बाद अर्हकारी परीक्षा में प्राप्त मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा. हालांकि दाखिला रिक्त सीटों की उपलब्धता और निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ही मिलेगा. विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित पंजीयन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने को कहा है। रिक्त सीटों, पात्रता, दस्तावेज सत्यापन और शुल्क संबंधी जानकारी के लिए अभ्यर्थी स्कूल ऑफ डेटा साइंस एंड फोरकास्टिंग, डीएवीवी से संपर्क कर सकते हैं.
