नयी दिल्ली, 22 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने शनिवार को देश भर में आयोजित ‘ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट प्रवेश परीक्षा’ (एआईएपीजीईटी 2026) के दौरान जयपुर के एक केंद्र पर बिजली गुल होने के कारण अभ्यर्थियों की परीक्षा रद्द कर दी है।
प्रभावित 49 अभ्यर्थियों के लिए यह पुनः परीक्षा एक सितंबर को सुबह 10:00 बजे से राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर में आयोजित की जायेगी।
एनटीए ने दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय की वजह से अभ्यर्थियों को हुई असुविधा पर खेद व्यक्त किया है और कहा है कि अभ्यर्थियों के लिए संशोधित प्रवेश पत्र जल्द ही जारी किये जायेंगे, जिनमें परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी।
गौरतलब है कि आज जयपुर स्थित श्री सत्य साईं पीजी कॉलेज केंद्र पर परीक्षा दे रहे 192 में से 49 अभ्यर्थी परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी ‘मेसर्स एजुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड’ की लापरवाही और बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके थे।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की पूछताछ या जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 / 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं या ई-मेल आईडी एआईएपीजीईटी एट एनटीए डॉट एसी डॉट इन पर लिख सकते हैं।
एआईएपीजीईटी परीक्षा आज दो शिफ्ट में लगभग 205 केंद्रों पर हुई थी। 51,482 पंजीकृत उम्मीदवारों में से 49,867 परीक्षा में शामिल हुए।
