
विजयपुर। विजयपुर थाना पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। युवक से चांदी का ब्रेसलेट और अंगूठी समेत करीब 90 हजार रुपए कीमत का सामान लूटने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से जांच आगे बढ़ाई और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार फरियादी आकाश वित्तल पुत्र रामनरेश जाटव, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम चक सीताराम लीलधा, थाना वीरपुर ने विजयपुर थाने पहुंचकर अपने साथ हुई लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी की रिपोर्ट पर विजयपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला कायम किया। लूट की गंभीर वारदात को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल टीम को सक्रिय किया।
*साइबर सेल ने जोड़े सुराग, 24 घंटे में गिरफ्तारी*
पुलिस अधीक्षक श्योपुर मोती उर रहमान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार भूरिया और एसडीओपी विजयपुर राघवेन्द्र सिंह तोमर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। विजयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजन सिंह गुर्जर ने थाना स्टाफ के साथ आरोपियों की तलाश तेज कर दी। जांच के दौरान साइबर सेल श्योपुर की तकनीकी सहायता ली गई। पुलिस ने लगातार मिले सुरागों को जोड़ते हुए वारदात में शामिल तीन संदिग्धों तक पहुंच बनाई और उन्हें 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लूट के मामले में दअजयपाल रावत, पुत्र रामप्रसाद रावत, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम मेहदावली, थाना विजयपुर। रंजीत रावत, पुत्र मुन्नीरा रावत, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम मेहदावली, थाना विजयपुर। संजय रावत, पुत्र भूप सिंह रावत, निवासी ग्राम जाटौली, थाना टैंटरा, जिला मुरैना को गिरफ्तार किया है।
24 घंटे में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी ने साफ कर दिया कि विजयपुर पुलिस ने लूट की इस वारदात को हल्के में नहीं लिया और तकनीकी जांच के साथ तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कानून के शिकंजे में पहुंचा दिया।
*अब बरामदगी और कड़ियों की तलाश*
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने युवक से चांदी का ब्रेसलेट, अंगूठी सहित करीब 90 हजार रुपए कीमत का सामान लूटा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपियों से लूटे गए सामान की बरामदगी, वारदात में इस्तेमाल साधनों और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लूट की वारदात के त्वरित खुलासे में विजयपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजन सिंह गुर्जर, प्रधान आरक्षक रामवेद रावत, आरक्षक बरसाने लाल पाण्डे, आरक्षक हुकुम सिंह धाकड़, आरक्षक आलोक मीणा, आरक्षक भगवान सिंह गुर्जर तथा साइबर सेल श्योपुर के आरक्षक धर्मेन्द्र गुर्जर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
