
शाजापुर, जिले के बेरछा निवासी डॉ.आसिफ लाला पिता जाकिर लाला का चयन कैंसर उपचार एवं अनुंसधान में एशिया में अग्रणी और देश के सर्वोच्च संस्थान टाटा मेमोरियल में प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया है, जहां डॉ.आसिफ कैंसर की विभिन्न स्थितियों का अवलोकन कर उसके उपचार में दक्षता प्राप्त करेंगे.
चिकित्सा क्षेत्र में डॉ. आसिफ लाला के असाधारण समर्पण, क्लिनिकल दक्षता और उत्कृष्ट कार्यशैली से प्रभावित होकर टाटा मेमोरियल अस्पताल मुंबई की वरिष्ठ विशेषज्ञ टीम ने उन्हें इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण सत्र के लिए विशेष रूप से चुना है. इस उच्चस्तरीय फेलोशिप ट्रेनिंग के दौरान डॉ. आसिफ कैंसर के अत्याधुनिक उपचार पद्धतियों, अर्ली कैंसर डिटेक्शन प्रारंभिक पहचान, कैंसर इम्यूनोथेरेपी और आधुनिक तकनीकों का गहन अध्ययन करेंगे. अपनी इस बड़ी उपलब्धि पर उन्होंने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से लडऩे के लिए आधुनिक तकनीक और सही मार्गदर्शन बेहद जरूरी है. टाटा मेमोरियल अस्पताल मुंबई से प्राप्त होने वाले इस विशेष अनुभव का सीधा लाभ मैं अपने क्षेत्र के मरीजों तक पहुंचाउंगा ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर और उच्च स्तरीय इलाज के लिए भटकना न पड़े. उनकी इस सफलता पर क्षेत्र के वरिष्ठ चिकित्सकों, गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने उनके उज्ज्वल एवं सेवाभावी भविष्य की कामना की है.
