बरझर में जनविश्वास अभियान: 897 आवेदन मिले, 808 का मौके पर निराकरण, कलेक्टर ने स्कूल-आंगनवाड़ी सहित स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण

आलीराजपुर, मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत चंद्रशेखर आजाद नगर के ग्राम बरझर में आयोजित शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित कुल 897 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 808 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, सेवाओं एवं विभागीय सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को शेष आवेदनों का भी समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

शिविर का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर एवं विधायक श्रीमती सेना पटेल ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत, जिलाध्यक्ष श्री मकू परवाल, पूर्व विधायक श्री माधौसिंह डावर, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती संघमित्रा गौतम, अपर कलेक्टर श्री सोहन कनास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्योति अमठ बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

 

शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के 155, राजस्व विभाग के 26, स्वास्थ्य विभाग के 498, महिला एवं बाल विकास विभाग के 100, पशुपालन विभाग के 54 तथा श्रम विभाग के 64 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्रीमती माथुर ने स्वयं ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किए तथा कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

 

हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ

शिविर में आजीविका मिशन के 13 स्व-सहायता समूहों को कुल 50 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। उद्यम मुद्रा योजना के तहत 1.50 लाख रुपए का ऋण स्वीकृत किया गया। संबल योजना के अंतर्गत श्रीमती काली पति भारता, श्रीमती सुमी पति प्रताप, श्रीमती ललिता पति मानसिंह, श्रीमती लीला पति मुकेश एवं श्रीमती कसना पति सोमला को कुल 10 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत 72 हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृत की गई।

 

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना के तहत ग्राम रिंगोल निवासी श्री संजय पिता गोपाल को राइस मिल के लिए मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा बरझर द्वारा 1 लाख 75 हजार 230 रुपए की राशि स्वीकृत की गई। पशुपालन विभाग के 3 हितग्राहियों को पशुपालन के लिए तथा 4 अन्य हितग्राहियों को पशुपालन केसीसी प्रदान की गई। वहीं आरसीटी द्वारा आजीविका मिशन के अंतर्गत 70 दीदियों के लिए सिलाई प्रशिक्षण का शुभारंभ भी किया गया।

 

विद्यार्थियों से संवाद, पाचन तंत्र की दी जानकारी

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने बड़ा खुटाजा स्थित हाई स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जीव विज्ञान विषय के अंतर्गत विद्यार्थियों को ‘पाचन तंत्र’ की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दी। विद्यार्थियों ने विभिन्न सवाल पूछे, जिनका कलेक्टर ने सहजता से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

 

कलेक्टर ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा अनुशासन एवं मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मोबाइल फोन का सीमित एवं आवश्यकता अनुसार उपयोग करने की सलाह देते हुए पढ़ाई के दौरान अनावश्यक मोबाइल उपयोग से बचने को कहा।

 

आंगनवाड़ी में बच्चों से आत्मीय संवाद

इसके बाद कलेक्टर श्रीमती माथुर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें गोद में बैठाकर अक्षर ज्ञान कराया तथा चित्रकला गतिविधि में बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने केंद्र में बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

 

कलेक्टर ने बरझर स्थित स्वास्थ्य केंद्र एवं पशु चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से उपलब्ध स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा सेवाओं की जानकारी लेते हुए आमजन एवं पशुपालकों को समय पर बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी सुश्री दीपिका पाटीदार, नायब तहसीलदार श्री दिनेश व्यास सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Post

इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से पीटा

Fri Aug 21 , 2026
लीड्स, 21 अगस्त (वार्ता) तेज गेंदबाजों ओली रॉबिन्सन, जोफ्रा आर्चर और जोश टंग के तीन-तीन विकेटों की बदौलत इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहले टेस्ट के तीसरे ही दिन शुक्रवार को पारी और 103 रन से पीट दिया। यह सिर्फ़ दूसरी बार है जब इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ों ने टेस्ट मैच […]

You May Like