मौत का सफर: 8 किलोमीटर डोली में पहुंच गर्भवती अस्पताल के गेट पर मृत नवजात को दिया जन्म

छिंदवाडा। बारिश के दिनों में सड़क का अभाव ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। जमुना ढूंगा टोला की एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के बीच ग्रामीणों ने करीब 8 किलोमीटर तक डोली में पैदल ले जाकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। वहां से एंबुलेंस से दमुआ अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल के गेट पर महिला ने मृत नवजात को जन्म दिया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।

महिला के पति सोनू मलगाम (25) ने बताया कि मंगलवार से पत्नी को प्रसव पीड़ा थी। बारिश के कारण गांव का कच्चा रास्ता दलदल में बदल गया था। रात में अंधेरे और खराब रास्ते के कारण वाहन गांव तक नहीं पहुंच सके। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने डोली की व्यवस्था की और महिला को मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।

अस्पताल गेट पर हुई प्रसव की घटना

जिला अस्पताल पहुंचते ही महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई। अस्पताल के गेट पर ही उसने बच्चे को जन्म दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया। महिला का उपचार आईसीयू में जारी है।

वर्षों से सड़क की मांग

ग्रामीणों के अनुसार जमुना ढूंगा टोला में आजादी के बाद से सड़क नहीं बनी है। बारिश में आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है। सरपंच कंचन शाह नार्वे ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए जनपद सीईओ, कलेक्टर और मुख्यमंत्री तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में पहले भी एक गर्भवती की मौत हो चुकी है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण की मांग की है।

Next Post

करोड़ो खर्च के बाद भी बैगा आदिवासी विकास से दूर

Fri Aug 21 , 2026
बालाघाट, आजादी के 80 वर्ष पूरे होने के बाद भी यदि किसी समुदाय के बच्चे बीमारी, कुपोषण, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और सामाजिक पिछड़ेपन के बीच जिंदगी हार रहे हों, तो सवाल केवल उन परिवारों पर नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम पर उठता है। बालाघाट जिले के आदिवासी बाहुल्य बैहर क्षेत्र […]

You May Like