जामनगर (गुजरात), 20 अगस्त (वार्ता) रिलायंस समूह की वन्यजीव संरक्षण पहल वंतारा ने प्रसिद्ध पर्यावरणविद एवं वन्यजीवों और वनस्पतियों की लुप्तप्राय प्रजातियों के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर कन्वेंशन (सिटीज) के पूर्व महासचिव एवं अधिवक्ता जॉन ई. स्कैनलॉन को अपने नवगठित पांच सदस्यीय संचालन परिषद का पहला अध्यक्ष बनाया है।
वनतारा की ओर से गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री स्कैनलॉन ने इस जिम्मेदारी के लिए उसका निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
यह संचालन परिषद वंतारा की वन्यजीव संरक्षण, पशु देखभाल एवं पुनर्वास तथा अनुपालन संबंधी गतिविधियों की निगरानी के लिए पूरी तरह जिम्मेदार होगी। किसी भी पशु को वंतारा में लाने या अधिग्रहण करने से संबंधित प्रत्येक निर्णय पर अंतिम अधिकार भी इसी परिषद का होगा।
श्री स्कैनलॉन के हवाले से विज्ञप्ति में कहा गया है, “वंतारा ने अपने संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव करने के लिए बाहरी विशेषज्ञों की सलाह मांगी, प्राप्त की और उस पर अमल किया है। इस बदलाव के तहत वंतारा ने स्वेच्छा से अपनी आंतरिक ड्यू डिलिजेंस व्यवस्था, विशेषज्ञता और प्रक्रियाओं को मजबूत करने तथा केवल प्राकृतिक आवास से बाहर बचाव पर केंद्रित रहने के बजाय भारत सहित विभिन्न देशों को उनके प्राकृतिक आवासों के अंदर संरक्षण के लिए सहायता प्रदान करने की दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय लिया है।”
उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे वंतारा आगे बढ़ेगा और इन बदलावों को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाएगा, वैसे-वैसे पशु कल्याण, वन्यजीव संरक्षण और मनुष्य-पशु के सामंजस्यपूर्ण सह-अस्तित्व को बढ़ावा देने में उसका वैश्विक प्रभाव भी बढ़ेगा। मैं वंतारा को इस बदलाव को सफलतापूर्वक लागू करने में मदद करने और स्थायी एवं परिवर्तनकारी प्रभाव पैदा करने में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं।”
श्री स्कैनलॉन ऑस्ट्रेलियाई के एक प्रतिष्ठित वकील और पर्यावरण विशेषज्ञ हैं, जिन्होंने वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण कानून और सतत विकास के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वह 2018-20 तक सिटीज के महासचिव थे।
