भोपाल। मध्यप्रदेश में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। लगातार हो रही बारिश के चलते रीवा, सीधी, सतना और डिंडौरी में प्रशासन ने आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के स्कूलों में गुरुवार को अवकाश घोषित किया है।
डिंडौरी के समनापुर जनपद मुख्यालय का एक दर्जन से अधिक गांवों से संपर्क टूट गया है। खरमेर नदी में जलस्तर बढ़ने से पुल पर पानी आ गया, जिसके कारण डिंडौरी-मंडला स्टेट हाईवे पर आवागमन बंद हो गया है।
पन्ना, सतना और रीवा में भी मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। सतना के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का पानी बाजार क्षेत्र तक पहुंच गया है। जलभराव के कारण कई जगह सड़कों पर नाव चलाने की स्थिति बन गई है। सुरक्षा के मद्देनजर गुप्त गोदावरी की दोनों गुफाओं को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है।
सतना के भुमकहर गांव में 55 वर्षीय चरवाहे के नाले में बहने की सूचना है। उसकी तलाश में रेस्क्यू टीम जुटी हुई है। उधर, उमरिया स्थित संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम के दो गेट एक-एक मीटर तक खोलकर पानी की निकासी की जा रही है।
पांच जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने सागर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और दमोह में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटे के दौरान इन जिलों में 8 इंच तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा दतिया, भिंड, निवाड़ी, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, कटनी, मैहर और सतना में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
