सड़क, पुलिया और बिजली को लेकर हुए प्रदर्शन के बाद दो लोगों पर FIR, आठ को नोटिस

छतरपुर। महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के टटम गांव में सड़क, पुलिया और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर 15 अगस्त को किए गए प्रदर्शन के मामले में पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीण बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रदर्शन से जुड़े लोगों पर दर्ज एफआईआर निरस्त करने की मांग की। उनका कहना है कि समस्याओं को लेकर पहले भी प्रशासन को आवेदन दिए गए, लेकिन समाधान नहीं हुआ, जिसके बाद शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया गया।

ग्रामीणों के मुताबिक प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चे भी शामिल हुए थे। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक कामाख्या प्रताप सिंह और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, जबकि आठ लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीण बच्चों के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और एफआईआर निरस्त करने की मांग रखी।

ग्रामीणों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग हरम से मधुपुरवा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण, हरनपुरा में पुलिया निर्माण और टटम के वार्ड क्रमांक 20 में 24 घंटे बिजली आपूर्ति की है। ग्रामीणों ने कहा कि वे मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने प्रशासन से जनसमस्याओं का जल्द समाधान कराने और प्रदर्शनकारियों पर की गई पुलिस कार्रवाई वापस लेने की मांग की।

Next Post

कोतवाली पुलिस ने टांगी से हमला करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

Wed Aug 19 , 2026
सीधी। जानलेवा हमले के प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टांगी से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुजीत कड़वे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कोतवाली उनि दिव्य […]

You May Like