करमचंद से तुलाराम चौक तक सड़क किनारे गंदगी के ढेर

जबलपुर: शहर के प्रमुख व्यापारिक और व्यस्त इलाकों में शामिल करमचंद से तुलाराम चौक के बीच सड़क किनारे जगह-जगह कूड़े और गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। मुख्य मार्ग होने के बावजूद नियमित सफाई और कचरा उठाव की व्यवस्था प्रभावी नजर नहीं आ रही है। सड़क किनारे जमा प्लास्टिक, पन्नियां, घरेलू कचरा और अन्य अपशिष्ट के कारण आसपास का वातावरण बदहाल दिखाई देता है। दिनभर इस मार्ग पर बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सड़क किनारे फैली गंदगी शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।
प्रतिष्ठानों के आसपास जमा रहता है कचरा
करमचंद से तुलाराम चौक तक का क्षेत्र व्यापारिक गतिविधियों के साथ घनी आबादी के लिए भी जाना जाता है। दुकानों और प्रतिष्ठानों के आसपास दिनभर निकलने वाले कचरे के अलावा स्थानीय स्तर पर जमा होने वाला घरेलू कचरा भी कई स्थानों पर सड़क किनारे दिखाई देता है। कचरे के ढेर के कारण दुर्गंध और गंदगी की समस्या बनी रहती है, वहीं आवारा मवेशी कचरे को सड़क तक फैला देते हैं। बारिश के दौरान स्थिति और खराब होने की आशंका है, क्योंकि कचरे के साथ पानी जमा होने से कीचड़ और बदबू की समस्या बढ़ सकती है। व्यस्त मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को इसका सामना करना पड़ रहा है।
दिया जाए विशेष ध्यान
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य व्यापारिक क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि केवल कचरा उठाने के बजाय यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सड़क किनारे दोबारा कचरा जमा न हो और इसके लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था हो। लोगों ने नगर निगम से करमचंद से तुलाराम चौक के बीच विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कचरा उठाव कराने और कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बढ़ती गंदगी न केवल शहर की छवि को प्रभावित करेगी, बल्कि आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण बनी रहेगी।

Next Post

बहुत अच्छे से समझाया… ईशा कोप्पिकर के सपोर्ट में उतरीं कंगना रनौत, अंधभक्त वाले बयान पर कही ये बात

Wed Aug 19 , 2026
मुंबई, एक्ट्रेस ईशा कोप्पिकर को सोशल मीडिया पर अंधभक्त कहे जाने के बाद उन्होंने देशप्रेम पर अपनी बात रखी। इस पर कंगना रनौत ने भी उनका सपोर्ट करते हुए अपना रिएक्शन दिया। हाल ही में एक्ट्रेस ईशा कोप्पिकर को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा ‘अंधभक्त’ कहकर ट्रोल किया गया। इस […]

You May Like