जबलपुर:मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव- 2026 की मतगणना के दूसरे चरण में एलिमिनेशन राउंड का आठवां दिन पूरा हो गया है। हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आज एलिमिनेट हुए चार प्रत्याशियों में दुर्गिका सिंह चौहान (जबलपुर), एशिया ऋतु जैन (सागर), राज बहोरण सिंह (जबलपुर) और प्रताप भानु सिंह राजपूत (भोपाल) शामिल हैं। इन चारों के बाहर होने के बाद अब तक कुल 122 प्रत्याशियों में से 62 प्रत्याशी एलिमिनेट हो चुके हैं। वहीं इंदौर के राकेश सिंह भदौरिया को निर्वाचित घोषित किया जा चुका है। चुनाव प्रक्रिया में पांच महिला प्रत्याशियों का आरक्षण के आधार पर निर्वाचित होना तय है। यदि मतगणना के दौरान कोई महिला प्रत्याशी चुनाव से बाहर भी होती है, तो अंतिम पांच महिला प्रत्याशियों में शामिल होने के आधार पर परिणाम के समय उनका चयन आरक्षण के अनुसार किया जाएगा।
आर के सैनी को बढ़त
एलिमिनेशन के बाद संबंधित प्रत्याशियों के मतपत्रों में दर्ज मतों को चुनाव प्रक्रिया के नियमानुसार द्वितीय वरीयता वाले प्रत्याशियों को अंतरित किया गया है। इसके चलते आगे की मतगणना में अन्य प्रत्याशियों के बीच समीकरण बदलने की संभावना बनी हुई है। अब तक की मतगणना में पुरुष प्रत्याशियों में विवेक सिंह (इंदौर), अखिलेश कुमार सक्सेना (इंदौर), संदीप मेहता (उज्जैन), नरेन्द्र कुमार जैन (इंदौर) और आर.के. सिंह सैनी (जबलपुर) को बढ़त प्राप्त हुई है। वहीं महिला प्रत्याशियों में अन्नू पटेल (सिंगरौली), प्रवीण तिवारी (रीवा) और प्रतीका पाठक (ग्वालियर) ही फिलहाल चुनाव मैदान में बनी हुई हैं। एलिमिनेशन राउंड और मतों के स्थानांतरण की प्रक्रिया के आगे बढ़ने के साथ चुनाव परिणाम की तस्वीर लगातार साफ होती जा रही है।
