
भोपाल। मध्यप्रदेश जेल विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद गुप्ता ने मंगलवार को जिला जेल इंदौर एवं खुली जेल इंदौर का आकस्मिक निरीक्षण कर जेल प्रशासन, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम, बंदी मुलाकात व्यवस्था, वारंट शाखा, न्यायालयीन प्रकरणों के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग व्यवस्था तथा विधिक सहायता सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संधारित रजिस्टरों एवं अभिलेखों की भी जांच की और इन प्रक्रियाओं को ऑनलाइन करने के निर्देश दिए, ताकि व्यवस्था अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बन सके।
गुप्ता ने ई-प्रिजन्स प्रणाली में लंबित एवं अधूरी प्रविष्टियों को शीघ्र पूरा करने तथा बंदियों से संबंधित अभिलेखों और प्रक्रियाओं में डिजिटल प्रणालियों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने जेल की रसोई, पुस्तकालय, खुली जेल और महिला वार्ड का भी निरीक्षण किया। महिला बंदियों तथा उनके साथ रह रहे बच्चों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने जेल सुरक्षा, प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और बंदी कल्याण की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए। केंद्रीय जेल इंदौर के अधीक्षक दिनेश नरगावे ने जेल की व्यवस्थाओं और संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। जिला जेल अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
