8 दिसंबर से शुरू हो रहे नए सीजन में भारतीय महिला टीम की होगी वापसी

नयी दिल्ली, (वार्ता) भारतीय पुरुष और महिला टीमें फरवरी में एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2026-27 में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। महिला टीम एक सीजन के ब्रेक के बाद इस प्रतियोगिता में वापसी करेगी।

इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (एफआईएच) ने बुधवार को नए सीजन के कैलेंडर की घोषणा की। एफआईएच प्रो लीग का आठवां संस्करण 8 दिसंबर, 2026 से 27 जून, 2027 तक चलेगा, जिसमें सात देशों में 144 मैच खेले जाएंगे।

सीजन की शुरुआत अर्जेंटीना में 8 से 13 दिसंबर के बीच होगी, जिसमें मेजबान टीम के साथ चीन की महिला टीम, फ्रांस की पुरुष टीम और ग्रेट ब्रिटेन की पुरुष और महिला टीमें शामिल होंगी।

भारत 13 से 28 फरवरी के बीच प्रतियोगिता के एक चरण की मेजबानी करेगा, जिसमें पुरुष और महिला टूर्नामेंट में अर्जेंटीना, जर्मनी, ग्रेट ब्रिटेन और स्पेन की टीमें हिस्सा लेंगी।

पेरिस 2024 ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम लगातार दो सीजन में आठवें स्थान पर रही है, जो रेलीगेशन (निचले स्तर पर जाने) से बचने के लिए जरूरी जगह है। 2025-26 की स्टैंडिंग में सबसे नीचे रहने के बाद पाकिस्तान को रेलीगेट कर दिया गया था।

एफआईएच नेशंस कप जीतने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम प्रो लीग में वापसी कर रही है। 2024-25 हॉकी स्टैंडिंग में सबसे नीचे रहने के कारण रेलीगेट होने के बाद भारतीय महिला हॉकी टीम 2025-26 सीजन में नहीं खेल पाई थी।

एफआईएच नेशंस कप के जरिए प्रमोशन पाने के बाद फ्रांस भी पुरुष प्रो लीग में वापसी कर रहा है।

 

Next Post

रेपो रेट: अर्थव्यवस्था की स्थिरता का संकेत

Thu Aug 6 , 2026
Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like