ग्वालियर: लॉयंस क्लब ग्वालियर ‘अनुभूति’, ‘आध्या’ एवं ‘आराध्या’ के संयुक्त तत्वावधान में मित्रता दिवस के अवसर पर देविशा नेत्र चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान “एक पौधा दोस्ती के नाम” स्लोगन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 51 फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे लगाए गए।पौधारोपण अभियान के अंतर्गत परिसर में जामुन, बेलपत्र, अनार, पपीता, शमी, अशोक, कदम्ब, अंगूर, केला, जामफल, चंपा, गुड़हल आदि प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर सभी उपस्थित सदस्यों ने पौधों को ‘मित्रता धागा’ (फ्रेंडशिप बैंड) बांधकर हमेशा उनकी देखभाल करने और पक्की दोस्ती निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित पूर्व रीजन चेयरपर्सन मीनाक्षी गोयल ने कहा, “प्रकृति में वृक्षों से बेहतर हमारा कोई मित्र नहीं हो सकता। ये हमें बिना किसी स्वार्थ के शुद्ध हवा, छाया, फल, फूल और औषधियां प्रदान करते हैं। इसलिए आज के दिन पौधारोपण कर हम प्रकृति के प्रति अपना आभार व्यक्त कर रहे हैं ताकि हर साल मित्रता दिवस को इन पौधों की वृद्धि के साथ यादगार बनाया जा सके।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जोन चेयरपर्सन अशोक शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम का कुशल संयोजन ओम प्रकाश पाठक एवं नीलम गुप्ता द्वारा किया गया। समारोह के प्रारंभ में लॉयंस क्लब ग्वालियर ‘अनुभूति’ की अध्यक्ष अंजू गर्ग, ‘आराध्या’ की अध्यक्ष कल्पना प्रदीप एवं ‘आध्या’ की अध्यक्ष अलका अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर भावभिना स्वागत किया। कार्यक्रम के अंत में क्लब सचिव मनु शर्मा ने सभी अतिथियों व सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष नीलम शर्मा, डॉली अग्रवाल, गीता भटनागर, संध्या अग्रवाल, मंजू पाल, साधना बंसल, विजय खंडेलवाल सहित तीनों क्लबों के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में देविशा नेत्र चिकित्सालय के कार्यकर्ताओं ने लगाए गए सभी 51 पौधों की नियमित देखभाल व सुरक्षा का विश्वास दिलाया।
