
आलीराजपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 23 जुलाई को चंद्रशेखर आजाद नगर-भाबरा के प्रस्तावित प्रवास को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने आज कार्यक्रम स्थल पहुंचकर बलराम कृषि महोत्सव, अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मजयंती और इंफ्लुएंसर्स संवाद कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, सफाई, पार्किंग और चिकित्सा सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी हों और आमजन को कोई असुविधा न हो। जिला प्रशासन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर कृषि की नई तकनीकों और शासकीय योजनाओं की जानकारी लें।
मुख्यमंत्री आज चंद्रशेखर आजाद नगर में
जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर में गुरुवार को अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती के अवसर पर आयोजित बलराम कृषि महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को “कृषक कल्याण वर्ष” के रूप में मनाए जाने के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसानों, युवाओं और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से संवाद करेंगे तथा जिले को 340 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे।
