पीर बाबा के पास सड़क हादसा: बनारस से इंदौर जा रही यात्रि बस अनियंत्रित होकर 20 फीट खाई में पलटी, मची चीख-पुकार

कटनी। नेशनल हाईवे क्रमांक 30 पर बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। बनारस से इंदौर की ओर जा रही ‘भैया ट्रेवल्स’ की तेज रफ्तार यात्री बस पीरबाबा-चाका बायपास मार्ग पर ग्राम द्वारा के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 20 फीट नीचे खाई में जा पलटी। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे।

 

चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल

बस के खाई में गिरते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और मौके पर चीख-पुकार शुरू हो गई। तेज आवाज और यात्रियों की आवाजें सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे।

 

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही कुठला थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों और पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त बस से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में चालक समेत कई यात्री चोटिल हुए हैं, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

* राहत की बात: इस भीषण हादसे में गनीमत यह रही कि किसी भी यात्री की जान नहीं गई। 20 फीट गहरी खाई में बस पलटने के बावजूद किसी जनहानि का न होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

हाइड्रा क्रेन से निकाली गई बस

पुलिस प्रशासन ने दुर्घटनाग्रस्त बस को खाई से बाहर निकालने के लिए हाइड्रा क्रेन की मदद ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय बस की गति काफी तेज थी। फिलहाल कुठला पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के वास्तविक कारणों (चालक को नींद आने या तकनीकी खराबी) की जांच में जुट गई है।

Next Post

तिरुवंतपुरम में भाजपा के प्रदर्शन के दौरान झड़पें

Wed Jul 22 , 2026
तिरुवनंतपुरम, 22 जुलाई (वार्ता) केरल के तिरुवनंतपुरम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश कांग्रेस (केपीसीसी) मुख्यालय तक मार्च निकाला और इस दौरान हुईं झड़पों से तनाव बढ़ गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारों का इस्तेमाल किया। भाजपा ने यह रैली नयी दिल्ली में […]

You May Like