वाशिंगटन, 21 जुलाई (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को अमेरिकी मादक पेय पदार्थों, वाहनों और डेयरी उत्पादों पर ‘अनुचित एवं असमान’ प्रतिबंधों को लेकर कनाडाई उत्पादों पर 50 प्रतिशत का अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने का आदेश जारी किया है। यह नया टैरिफ 19 अगस्त, 2026 से लागू होगा। श्री ट्रंप ने सोमवार को तीन प्रशासनिक आदेशों पर हस्ताक्षर किये। इनके जरिये कनाडा से आयात होने वाले लगभग सभी उत्पादों पर आयात शुल्क बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है। व्हाइट हाउस द्वारा जारी उद्घोषणा में कहा गया है कि कनाडा के विभिन्न प्रांतों ने अमेरिकी डेयरी उत्पादों, वाहनों, बीयर, वाइन और स्पिरिट की खरीद, वितरण तथा बिक्री पर अनुचित प्रतिबंध लगाये हैं। अमेरिकी प्रशासन का तर्क है कि कनाडा अन्य देशों के मादक पेय पदार्थों को छूट देते हुए केवल अमेरिकी व्यापार को निशाना बना रहा है और उसे नुकसान पहुंचा रहा है।
यह कार्रवाई 1930 के टैरिफ अधिनियम की धारा 338 के तहत की गयी है, जो अमेरिकी व्यापार के साथ भेदभाव करने वाले देशों के खिलाफ राष्ट्रपति को शुल्क लगाने का अधिकार देती है। आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2025 से फरवरी 2026 के दौरान कनाडा द्वारा अमेरिकी मादक पेय पदार्थों का आयात 71.8 करोड़ डॉलर मूल्य से घटकर मात्र 13.7 करोड़ डॉलर रह गया, जो कि 81 प्रतिशत की बड़ी गिरावट है।
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि इन प्रतिबंधों के कारण चिली, जापान, अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों को लाभ मिला, जबकि अमेरिकी निर्माताओं, किसानों और श्रमिकों को भारी वित्तीय नुकसान उठाना पड़ा है। इस नये आयात शुल्क का मुख्य उद्देश्य कनाडा पर अपनी नीतियां बदलने और अमेरिकी उत्पादकों के लिए बाजार पहुंच बहाल करने का दबाव बनाना है।
उद्घोषणा के अनुसार, कनाडा सिर्फ अमेरिका में बने वाहनों पर ही अतिरिक्त शुल्क लगाता है। इससे अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच एक साल में कनाडा में अमेरिकी वाहनों की बिक्री तकरीबन 22 प्रतिशत गिर गयी है। मूल्य के लिहाज से यह गिरावट 5.6 अरब डॉलर है। इस कमी को पूरा करने के लिए कनाडा में दूसरे देशों से वाहन आयात बढ़ गया है। व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया है कि यदि कनाडा अपने प्रतिबंधों को हटा लेता है तो इन शुल्कों में राहत दी जा सकती है, लेकिन ऐसा न होने पर आगे और सख्त कदम उठाये जा सकते हैं।
अमेरिका के इस कदम पर प्रतिक्रिया देते हुए कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उनकी सरकार अपने लोगों और कारोबारियों के हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी उपाय करेगी।
श्री कार्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा है कि अमेरिका का यह कदम कनाडा, अमेरिका और मेक्सिको के बीच मुक्त व्यापार संधि का उल्लंघन है। उन्होंने कहा है कि हर हाल में अपनी घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और कनाडाई कामगारों, किसानों, कारोबारियों तथा परिवारों के समर्थन के लिए कनाडा सभी आवश्यक उपाय करेगा। कनाडाई प्रधानमंत्री ने कहा कि अमेरिका के आयात शुल्क बढ़ाने के अमेरिकी लोगों को ज्यादा कीमत चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि कनाडा अमेरिका के साथ बात कर दोनों देशों के लोगों की भलाई के लिए समाधान खोजने के लिए तैयार है।

