
सिंगरौली । जिले के जयंत निवासी आशीष पाण्डेय ने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन 2026 उत्तीर्ण कर जिले का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट अंकों के साथ मिली इस सफलता के बाद अब वे देश के किसी भी न्यायालय में अधिवक्ता के रूप में विधिक अभ्यास करने के लिए अधिकृत हो गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
आशीष पाण्डेय के पिता धनेश पाण्डेय किसान हैं, जबकि माता ममता पाण्डेय गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज इस बड़ी सफलता के रूप में सामने आया है। आशीष ने अपनी सफलता का श्रेय पिता के संघर्ष, माता के आशीर्वाद तथा बड़े पापा राजेश पाण्डेय और बड़ी माता पुष्पा पाण्डेय के सहयोग एवं मार्गदर्शन को दिया। आशीष ने बताया कि उन्होंने अनुशासित अध्ययन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने कहा कि उनका अगला लक्ष्य न्यायिक सेवा ज्यूडिशरी में चयन प्राप्त करना है और इसके लिए वे पूरी मेहनत से तैयारी कर रहे हैं।