दमोह: जिले में नवविवाहिता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में और दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों मामलों में जांच शुरू कर दी है।
नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा कार्यवाही नवविवाहिता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने पर पुलिस जांच में जुटी हुई है। नोहटा से प्रधान आरक्षक प्रदीप तिवारी और आरक्षक देशराज ने पहुंचकर नायब तहसीलदार प्रीतम सिंह की मौजूदगी में शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम कार्रवाई करते हुए बताया कि मृतिका आशना पति रिंकू प्रधान उम्र 25 वर्ष निवासी माला बमोरी की मौत हो जाने पर जांच की जा रही है।
इंदिरा कॉलोनी में फांसी लगाकर की आत्महत्या
सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत इंदिरा कॉलोनी में निवासरत कोमल प्रसाद शर्मा के 30 वर्षीय पुत्र राजेंद्र उर्फ राजू शर्मा ने अज्ञात कारणों के चलते घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली से एएसआई साहब सिंह और आरक्षक रतिराम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
रेल्वे ट्रैक पर मिला घायल युवक, मौत
कुछ दिन पहले 25 वर्षीय युवक घायल अवस्था में शाहपुरा रेल्वे ट्रैक पर मिला था। 108 एंबुलेंस की मदद से उसे दमोह जिला अस्पताल लाया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।जिला अस्पताल चौकी प्रभारी प्रधान आरक्षक शुभनारायण यादव ने बताया कि मृतक बलराम पिता आदिवासी, उम्र 25 वर्ष, निवासी धुरा, थाना सानौधा, जिला सागर है। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
