
जबलपुर। नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा शहर के शैक्षणिक क्षेत्रों को सुरक्षित, स्वच्छ और नशामुक्त बनाने के लिए कारवाई की गई है। शनिवार को संभाग क्रमांक 13 के अंतर्गत आने वाले भंवरताल गार्डन और सेंट नॉर्बर्ट स्कूल के आस-पास के क्षेत्र में एक संयुक्त अभियान चलाया गया। जिसमें अमले ने अवैध अतिक्रमणों को हटाते हुए चालानी कार्रवाई भी की। जानकारी के अनुसार भंवरताल गार्डन और सेंट नॉर्बर्ट स्कूल के आस-पास के क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले, गंदगी फैलाने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हाथ ठेले वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई नगर निगम की अतिक्रमण टीम और स्वास्थ्य टीम ने की है। विदित हो कि विद्यालय के ठीक बाहर और आस-पास हाथ ठेले वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण, फैलाई जा रही गंदगी और नशीले पदार्थों के संदिग्ध विक्रय की शिकायतों को प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। बच्चों के भविष्य और उनके स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन की टीम ने त्वरित एक्शन लिया।
अभिभावकों ने की सराहना
प्रशासन के इस कदम की स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि स्कूलों के आसपास इस तरह की मुस्तैदी से न केवल बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि उन्हें एक स्वच्छ और सकारात्मक शैक्षणिक परिवेश भी मिलेगा।
