
उज्जैन। महाकाल मंदिर में दान में आने वाले सोने-चांदी की अब हाइटेक तरीके से जांच की जा सकेगी। मंदिर समिति ने हाल ही में इसके लिए महाराष्ट्र से कैरेट मशीन मंगवाई है। जिसकी कीमत करीब 15 लाख रुपए बताई जा रही है।
कुछ ही मिनटों में यह मशीन दान आए सोने-चांदी का वजन से लेकर उनकी सही-सही स्थिति बता देगी। समिति ने यह कदम इसलिए उठाया है ताकि दान आने वाले कीमती आभूषण या बर्तन आदि की सही जांच की जा सके और उसका रिकॉर्ड भी सुरक्षित रखा जा सके। समिति के प्रशासक प्रथम कौशिक ने बताया सीएसआर फंड के माध्यम से करीब 15 लाख रुपए की लागत से यह अत्याधुनिक कैरेट मीटर मशीन खरीदी है जो मंदिर भी आ चुकी है। सोमवार से इसे चालू करने की तैयारी है। इधर महाकाल मंदिर में पुणे महाराष्ट्र से दर्शन करने आए श्रद्धालु सचिन पाटिल ने समिति की व्यवस्थाओं से प्रसन्न होकर कार्यालय में आकर रंगोली की सजावट के लिए 29 हजार रुपए की राशि दान दी। आरके तिवारी ने दुपट्टा ओढ़ाकर व लड्डू प्रसाद भेंटकर सम्मान किया।
