नयी दिल्ली, 18 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि पेपर लीक ने अनेक परिवारों से उनके बच्चे छीन लिए हैं और आगे ऐसा नहीं हो इसके लिए अब परीक्षा व्यवस्था को नये सिरे से व्यवस्थित बनाने की आवश्यकता है। श्री गांधी ने शनिवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पेपरलीक के कारण तनाव में आकर आत्महत्या करने वाली रिया के पिता राजेश का उल्लेख करते हुए कहा कि बेटी को खोने के बाद वह इस तरह टूट चुके हैं कि उन्हें देखने और उनसे मिलने वाले हर व्यक्ति की आंखें भर आती हैं।
उनकी स्थिति देखकर यही कहा जा सकता है कि बच्चों को तनाव नहीं बल्कि सुरक्षा मिले तथा माता-पिता को उनके त्याग का फल मिले, आंसू नहीं। उन्होंने कहा कि यह केवल एक परिवार का दर्द नहीं है, बल्कि पेपर लीक ने ऐसे कई परिवारों को गहरे घाव दिए हैं। हर नाम के पीछे एक मां और एक पिता हैं, जिनके लिए अब कोई कल नहीं बचा। श्री गांधी ने कहा कि परीक्षा की व्यवस्था को इस प्रकार बदलना होगा कि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रहे और माता-पिता को अपने बच्चों के सपनों के टूटने का दुख न सहना पड़े। गौरतलब है कि रिया के पिता राजेश शुक्रवार को देहरादून में श्री गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में आए थे और उन्होंने मंच पर कांग्रेस नेता के समक्ष अपना दर्द इस तरह रखा कि वह खुद अत्यंत भावुक हो गये जिसे देखकर कई लोगों की आंखें छलक आई थीं।

