आईटीआई छात्र से बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट करने वाले 5 आरोपी व 4 नाबालिग गिरफ्तार

सिवनी। सोशल मीडिया पर आईटीआई छात्र के साथ सामूहिक मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दिया है। इस मामले में 5 आरोपियों एवं 4 विधि विवादित बालकों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त डंडा और क्लच वायर भी बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित सोहेल खान निवासी भोमा, थाना कान्हीवाड़ा, आईटीआई चूनाभट्टी का छात्र है। जांच में सामने आया कि 7 जून 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे वह आईटीआई राहंगडाले की कैंटीन में मौजूद था। इसी दौरान तीन मोटरसाइकिलों से पहुंचे कुछ युवक उसे जबरन अपने साथ खैरीटेक के समीप सुनसान स्थान पर ले गए, जहां पहले से मौजूद अन्य युवकों के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई।

बताया गया कि आरोपियों ने आईटीआई में पढ़ने वाली अपनी बहन से बातचीत करने के विवाद को लेकर पीड़ित के साथ गाली-गलौज की और हाथ, लात, मुक्कों के अलावा पाइप, डंडे, क्लच वायर एवं रस्सी से उसकी पीठ और पैरों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया। इतना ही नहीं, पीड़ित की पीठ पर बने जख्मों पर तेल में नमक और मिर्च का घोल लगाकर उसे और अधिक प्रताड़ित किया गया। बाद में उसे वापस आईटीआई चूनाभट्टी लाकर आरोपी की बहन से पैर पकड़वाकर माफी मंगवाई गई तथा जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया गया। भय के कारण पीड़ित ने तत्काल घटना की जानकारी किसी को नहीं दी।

पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना में प्रकरण क्रमांक 626/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। वायरल वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 5 आरोपियों और 4 विधि विवादित बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। घटना में प्रयुक्त डंडा एवं क्लच वायर भी जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

ईश्वर उर्फ अस्मित मानाठाकुर (21 वर्ष), किदवई वार्ड, सिवनी

मंजीत रैकवार (26 वर्ष), गंज वार्ड, सिवनी

भूपेन्द्र उर्फ लकी विश्वकर्मा (21 वर्ष), रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी

जीतू उर्फ अभय उइके (23 वर्ष), सिवनी

अभिषेक उइके (28 वर्ष), रानी दुर्गावती वार्ड, सिवनी

4 विधि विवादित बालक (उम्र 16 से 17 वर्ष)

पुलिस ने बताया कि कुछ गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से भी मारपीट, अपहरण एवं अन्य आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में कोतवाली, डूण्डासिवनी एवं लखनवाड़ा थाना पुलिस सहित विशेष टीम के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

कलेक्टर के अथक प्रयास से 13 वर्षीय बालक हिमांशु धुर्वे को मिली नई जिंदगी

Fri Jul 17 , 2026
पांढुरना,  जिले के ग्राम रायबासा निवासी हिमांशु धुर्वे स्पाइनल डिफॉर्मिटी (रीढ़ की विकृति) से पीड़ित था, जिसका राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला कलेक्टर नीरज वशिस्ठ के अथक प्रयासों के चलते सफल ऑपरेशन कर उसे नया जीवन मिला है। इस पूरी प्रक्रिया में अतिरिक्त कलेक्टर नीलमणि अग्निहोत्री एवं अनुविभागीय […]

You May Like