देहरादून 17 जुलाई (वार्ता) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी शुक्रवार अपराह्न उत्तराखंड की राजधानी देहरादून पहुंच रहे हैं। वह यहाँ कोटा (राजस्थान) की तर्ज पर छात्रों से संवाद करेंगे। वह रात्रि विश्राम भी देहरादून में करेंगे। “छात्रों की गूंज” नामक इस संवाद कार्यक्रम की सभी तैयारी प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने कड़ी मेहनत के बाद पूरी कर ली हैं। इस मध्य खराब मौसम ने पार्टी दिग्गजों की पेशानी पर बल डाल दिए हैं।
पार्टी की मीडिया प्रभारी गरिमा मेहरा दसौनी ने यूनीवार्ता को बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज अपराह्न 03 बजे नई दिल्ली से चलकर जौलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से 4.30 बजे होटल हयात जायेंगे। उन्होंने बताया कि शाम 07 बजे श्री गांधी रेसकोर्स स्थित बन्नू स्कूल के मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से संवाद करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन के लिए लगभग 2.50 लाख छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही, आयोजन स्थल पर भी क्यूआर कोड के माध्यम से छात्रों को संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।
श्रीमती दसौनी ने बताया कि बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम का आधिकारिक एंथम गुरुवार को जारी किया गया है। यह एंथम देशभर के छात्रों और युवाओं में शिक्षा, समान अवसर और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का नया उत्साह और विश्वास जगाने वाला है। उन्होंने बताया कि “बहुत हुआ, चलो युवा, हाथ से हाथ जोड़ के, अन्याय का घड़ा फोड़ के…” जैसे ओजस्वी शब्द केवल गीत नहीं, बल्कि उन करोड़ों युवाओं की भावनाओं की अभिव्यक्ति हैं, जो शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
