
ग्वालियर। मध्य प्रदेश में बढ़ती महंगाई और आम जनमानस की समस्याओं को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में ग्वालियर के कांग्रेस पार्षद किरण धर्मेंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भेजकर प्रदेश में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और सामाजिक सुरक्षा पेंशन व लाड़ली बहना योजना की राशि में भारी वृद्धि करने की मांग की है।
*पेंशन राशि 2500 करने की मांग*
पार्षद किरण धर्मेंद्र वर्मा ने अपने पत्र में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के कार्यकाल के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन में जो सम्मानजनक वृद्धि की गई थी, उसके बाद से वर्तमान सरकार ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए जरूरतमंद बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिल रही पेंशन राशि ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि इस राशि को तत्काल बढ़ाकर 2500 प्रति माह किया जाए।
*लाड़ली बहना योजना पर सरकार को घेरा*
पार्षद ने लाड़ली बहना योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए इस योजना की राशि को बढ़ाकर ₹3000 किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में उदासीन बनी हुई है, जैसे “कुंभकरण की नींद” सो रही हो।
*भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन की अपील*
ज्ञापन के माध्यम से श्रीमती वर्मा ने प्रदेश सरकार से यह भी मांग की है कि सरकारी तंत्र से भ्रष्टाचार को पूरी तरह समाप्त किया जाए ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंच सके।
उनका कहना है कि यदि सरकार ने जल्द ही इन मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार नहीं किया, तो आगामी दिनों में कांग्रेस पार्टी जनहित में सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी।
