रीवा: शहर में अतिक्रमण हटाने का अभियान केवल ठेला तक सीमित रह गया है. सडक़ के किनारे सार्वजनिक स्थानों पर लगने वाले ठेलों को हटाने के साथ चालान की कार्यवाही की गई. जबकि बड़े अस्थाई अतिक्रमण को नही हटाया जा रहा है.गंगा वाटिका के सामने सडक़ किनारे लगाए गए ठेले हटवाए गए. संबंधित ठेला संचालकों को भविष्य में सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण न करने तथा निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय संचालित करने की समझाइश दी गई.
इसी क्रम में रतहरा कंपोजिट दुकान के सामने से रतहरा रिंग रोड तक सडक़ किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए गए. क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. इसके साथ ही रतहरा शिवाजी पार्क रिंग रोड तिराहे पर रोड पटरी पर लगाए गए सब्जी एवं अन्य ठेलों को भी हटाया गया एवं रुपए 1500 की चलानी कार्रवाई की गई. इसके अतिरिक्त अस्पताल चैक से धोबिया टंकी तक ठेले एवं गुमटी का अतिक्रमण हटाया गया. वार्ड क्रमांक 15 आरआईटी कॉलेज के पीछे सडक़ पटरी पर मिट्टी डालकर बनाए गए अवैध रैंप को हटाकर सडक़ की मूल स्थिति बहाल कराई गई.
