सदन की कार्यवाही से विद्यार्थी हुए रूबरू, ननि का कामकाज जाना, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझा

जबलपुर: गौरीघाट, पॉलिपाथर स्थित सत्यप्रकाश पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं के लिए आज का दिन खास और ज्ञानवर्धक रहा। एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्र छात्राओं को न केवल लोकतांत्रिक और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से देखने का मौका मिला, बल्कि उन्होंने शहर के विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी बुनियादी प्रणालियों को भी समझा। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने नगर निगम मुख्यालय का दौरा किया। यहाँ नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बच्चों का स्वागत किया और उन्हें निगम सदन की कार्यप्रणाली से परिचित कराया। इस दौरान बच्चों को बताया गया कि शहर के विकास के लिए नीतियां कैसे बनती हैं, प्रस्ताव कैसे पारित होते हैं और जनहित के मुद्दों पर सदन में किस तरह चर्चा की जाती है।
उत्सुकता भरे सवाल, रोचक जवाब-
इस अवसर पर अधिकारियों ने बच्चों के उत्सुकता भरे सवालों के बेहद सरल और रोचक ढंग से जवाब दिए, जिससे बच्चों का सामान्य ज्ञान भी बढ़ा। इस भ्रमण में किताबी ज्ञान को व्यावहारिक रूप में बदलते हुए बच्चों को शहर के दो बेहद महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का दौरा कराया गया। बच्चों को वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की कार्यप्रणाली और उसकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से बताया गया। उन्हें समझाया गया कि कैसे शहर के कचरे का सही प्रबंधन करके उससे ऊर्जा बनाई जा रही है, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम है।
कैसे पहुंचता है घरों तक जल, प्रबंधन को देखा
शुद्ध पेयजल की प्रक्रिया ललपुर फिल्टर प्लांट इसके बाद विद्यार्थियों ने ललपुर फिल्टर प्लांट का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने जलप्रदाय योजना और उसके प्रबंधन को देखा। बच्चों ने प्रत्यक्ष रूप से समझा कि नर्मदा जी से आने वाले पानी को किस तरह फिल्टर कर पूरी तरह शुद्ध किया जाता है और फिर वह शहर के घरों तक पहुँचता है। इस अवसर पर अपर आयुक्त वी. एन. बाजपेई, मनोज श्रीवास्तव और कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन नोडल अधिकारी एवं उपायुक्त अंकिता जैन द्वारा किया गया।

Next Post

चेंबर चुनाव : पारस जैन ने क्रियेटिव के उपसंयोजक को अपने पक्ष में किया

Tue Jul 14 , 2026
ग्वालियर: दाल बाजार के प्रमुख व्यापारी व क्रियेटिव हाउस के उपसंयोजक ओमप्रकाश अग्रवाल अब तक लगातार चेंबर चुनाव में क्रियेटिव हाउस के प्रत्याशियों का काम कर रहे थे लेकिन अचानक वह व्हाईट हाउस के दालबाटी कार्यक्रम में पहुंच गये और बाकायदा अध्यक्ष पद प्रत्याशी पारस जैन के साथ फोटो सेशन […]

You May Like