उज्जैन: अभी भले ही नगर निगम चुनाव और लोकसभा चुनाव में देरी है। बावजूद इसके महापौर मुकेश टटवाल ने दोनों चुनाव लडऩे की अभी से तैयारी शुरू कर दी है। उनका मानना है कि जिस काम के लिए मुझे जनता ने चुना है वह काम में 24 घंटे करने के लिए तत्पर रहूंगा। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं यात्रियों से लगाकर स्थानीय रहवासियों को सुलभता उपलब्ध कराना मेरी जिम्मेदारी है। काम कोई भी छोटा या बड़ा नहीं होता, अतिक्रमण भी हटाया जा रहा है, विकास भी किया जा रहे हैं और दुकानदारों को बाहर सामान ना रखने के लिए भी चेताया जा रहा है।
सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से सोमवार को नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तेज करते हुए शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाया। वहीं महापौर मुकेश टटवाल स्वयं नगर निगम के रिमूवल वाहन से माइक लेकर शहर के प्रमुख बाजारों में पहुंचे और दुकानदारों से दुकानों के बाहर रखा सामान हटाने की अपील की।
महापौर ने कंठाल चौराहा, नई सडक़, एटलस चौराहा, फव्वारा चौक और इंदौर गेट क्षेत्र में मुनादी करते हुए व्यापारियों से अपनी दुकान की निर्धारित सीमा के भीतर ही व्यापार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर में मार्ग चौड़ीकरण कार्य प्रगति पर है। जिससे अन्य मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। ऐसे में सडक़ पर रखा व्यापारिक सामान आमजन और वाहनों की आवाजाही में बाधा बन रहा है।
सरकारी जमीन से हटाया अतिक्रमण
वार्ड क्रमांक-05 इंदिरा नगर एक्सटेंशन में बगीचे के पास शासकीय भूमि पर अशोक पिता प्रभुलाल मालवीय द्वारा बिना अनुमति किए गए अवैध निर्माण को नगर निगम ने जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया। संबंधित को पूर्व में नोटिस जारी कर अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन जवाब नहीं मिलने पर भवन अधिकारी राजकुमार राठौर, भवन निरीक्षक शिवम गुप्ता, अतिक्रमण गैंग तथा पुलिस प्रशासन की उपस्थिति में कार्रवाई की गई।कार्रवाई के दौरान एमआईसी सदस्य प्रकाश शर्मा, सत्यनारायण चौहान, सहायक आयुक्त राघवेंद्र सिंह पालिया सहित नगर निगम का अतिक्रमण रिमूवल अमला उपस्थित रहा।
समान नहीं हटाया तो जब्त करेंगे
महापौर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दुकानों के बाहर रखा सामान नहीं हटाया गया तो नगर निगम जब्ती की कार्रवाई करेगा और जब्त किया गया सामान वापस नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार शहरवासी सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियों के लिए मार्ग चौड़ीकरण में सहयोग कर रहे हैं, उसी प्रकार व्यापारियों की भी जिम्मेदारी है कि वे नियमों का पालन करते हुए अपनी दुकान की सीमा के भीतर ही व्यापार करें, ताकि शहर व्यवस्थित, सुंदर और यातायात सुचारु बना रहे।
