
भोपाल: बैरागढ़ इलाके में एक कारोबारी पर सोमवार को दिनदहाड़े जानलेवा हमला हो गया. दो बदमाशों ने चाकू से वार करते हुए जान लेने की कोशिश की. घायल अवस्था में कारोबारी ने भागकर खुद को बचाया. घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया. हमलावर मौके से भाग निकले. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान करने में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार कारोबारी नीरज जिनयानी सेवा सदन के पीछे मैचिंग सेंटर चलाते हैं. वह अपनी दुकान के बाहर दोपहर के समय स्कूटी पर बैठे थे. इसी दौरान पीछे आए दो अज्ञात बदमाशों ने नीरज की पीठ पर चुपचाप चाकू से हमल कर दिया. चाकू के हमले से घायल नीरज ने अचानक दौड़ लगा दी.
इस दौरान मार्केट में अफरा-तफरी का महौल बन गया. मौका पाकर बदमाश वहां से भाग निकले. घायल अवस्था में नीरज को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया और मामले की सूचना बैरागढ़ थाना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज निकाले. विडियो फुटेज के आधार पर पुलिस दोनों बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.
