जबलपुर:विजय नगर में वाहन चैकिंग के दौरान दीनदयाल चौक की तरफ से आ रहे एक नशेड़ी और बेकाबू बाइक चालक ने ड्यूटी पर तैनात सहायक उपनिरीक्षक मोहम्मद रियाज को कट मारते हुए सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एएसआई के दोनों पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गए और वे खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है।
पुलिस ने बताया कि विजय नगर थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक संदीप कुमार पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि स्वास्तिक अस्पताल के सामने मेन रोड पर वीआईपी चैकिंग लगाई गई थी। चैकिंग टीम में उपनिरीक्षक नेतराम चौधरी के साथ एएसआई मोहम्मद रियाज, प्रधान आरक्षक खेमराज पवार, सुरेश दुबे, राघवेंद्र शुक्ला, अमित श्रीवास्तव और आरक्षक मुनीष जाट, विनीत उपमन्यु, रामेश्वर वाक्सर व सुदीप ठाकुर मुस्तैदी से वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी बीच दीनदयाल चौक की तरफ से एक युवक बिना हेलमेट पहने मोटरसाइकिल दौड़ाता हुआ आया। ड्यूटी पर तैनात आरक्षक मुनीष जाट और प्रधान आरक्षक खेमराज पवार ने उसे रुकने का इशारा किया।
पुलिस को देख आरोपी ने रफ्तार कम करने के बजाय भागने के चक्कर में कट मारा और सामने खड़े एएसआई मोहम्मद रियाज पर गाड़ी चढ़ा दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। एएसआई रियाज के दोनों पैरों से फव्वारे की तरह खून बहने लगा और उनके हाथ-कमर भी गंभीर रूप से छिल गए। साथी पुलिसकर्मियों ने बिना एक पल गंवाए लहूलुहान एएसआई को सड़क से उठाया और तुरंत पास के अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर की टीम उनके इलाज में जुटी है।
ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में खुला शराब का राज, बिना बीमा-रजिस्ट्रेशन और अमानक नंबर प्लेट की गाड़ी-
एएसआई को अस्पताल भेजने के बाद स्टाफ ने घेराबंदी कर भाग रहे बाइक सवार को दबोचा और थाने लेकर आए। जब थाने की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से आरोपी का टेस्ट किया गया, तो पुलिस अधिकारी भी चौंक गए। आरोपी के शरीर में अल्कोहल का लेवल 238.4 एमजी आया, आरोपी पूरी तरह नशे में धुत्त था। जांच में आरोपी की पहचान सचिन साहू पिता कैलाश साहू,(24 ) निवासी आईटीआई शिवशक्ति नगर, थाना माढ़ोताल के रूप में हुई है। जब पुलिस ने अपनी डिजिटल पीओएस मशीन से उसकी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 के एम 5062 का डेटा निकाला, तो एक और बड़ा खुलासा हुआ। वाहन का रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस बहुत पहले ही एक्सपायर हो चुका था। इसके अलावा, ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए बाइक पर अमानक नंबर प्लेट लगाई गई थी।
